Operation Akhal In Jammu-Kashmir: कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, एक आतंकी ढेर, ऑपरेशन जारी
Operation Akhal In Jammu-Kashmir
श्रीनगर। Operation Akhal In Jammu-Kashmir: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले से बड़ी खबर सामने आई है। सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच बीती रात से ऑपरेशन ‘अखल’ के तहत मुठभेड़ जारी है। सेना ने पुष्टि की है कि इस मुठभेड़ में अब तक एक आतंकी को मार गिराया गया है, जबकि तलाशी अभियान अभी भी जारी है।
आतंकियों की मौजूदगी की मिली थी जानकारी
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि कुलगाम के अखल के घने जंगलों में कुछ आतंकी छिपे हुए हैं। जानकारी मिलते ही सेना और पुलिस ने इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाशी के दौरान आतंकियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद यह अभियान मुठभेड़ में बदल गया।
पूरी रात चली गोलीबारी
सेना की चिनार कॉर्प्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि पूरी रात रुक-रुक कर जबरदस्त फायरिंग होती रही। जवानों ने सतर्कता बरतते हुए आतंकियों को कड़ा जवाब दिया और इलाके का घेरा सख्त बनाए रखा।
अब भी जारी है ऑपरेशन
सेना ने बताया कि अब तक एक आतंकी ढेर किया जा चुका है, जबकि इलाके में तलाशी अभियान जारी है ताकि बचे हुए आतंकियों को भी पकड़ा या मार गिराया जा सके। सुरक्षाबलों का कहना है कि ऑपरेशन अखल अभी खत्म नहीं हुआ है और अंतिम आतंकी के खात्मे तक जारी रहेगा।
