Nitish Kumar के बेटे निशांत 8 मार्च को ज्वाइन करेंगे JDU, राज्यसभा जाने के फैसले पर विधायकों की नाराजगी
बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री Nitish Kumar के बेटे निशांत कुमार रविवार 8 मार्च को जनता दल यूनाइटेड (JDU) की सदस्यता लेने जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार दोपहर 3 बजे वे औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल होंगे। इससे पहले शनिवार को उनके जदयू ज्वाइन करने की चर्चा थी, लेकिन अब कार्यक्रम रविवार को तय किया गया है। पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत कुमार बिहार के विभिन्न जिलों का दौरा भी कर सकते हैं।
जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने निशांत कुमार के राजनीति में आने को पार्टी के लिए बड़ा कदम बताया है। उन्होंने कहा कि निशांत का सक्रिय राजनीति में प्रवेश एक “मास्टरस्ट्रोक” साबित होगा और इससे कई राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।
विधायकों ने जताई नाराजगी
इस बीच मुख्यमंत्री आवास पर जेडीयू विधानमंडल दल की बैठक भी हुई, जिसमें पार्टी के सांसद, विधायक और विधान पार्षद शामिल हुए। बैठक के दौरान कुछ विधायकों ने नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर नाराजगी जाहिर की।
बताया जा रहा है कि कई विधायकों ने मुख्यमंत्री से कहा कि उनके इस फैसले से कार्यकर्ताओं और जनता में निराशा है। इस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वे राज्यसभा जरूर जा रहे हैं, लेकिन इससे किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने विधायकों को भरोसा दिलाया कि वे सब पर नजर रखेंगे और विकास के काम प्रभावित नहीं होंगे।
बैठक में भावुक हुए विधायक
जेडीयू विधायक विनय चौधरी ने बैठक के बाद बताया कि जब नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा हुई तो कई विधायक भावुक हो गए। कुछ विधायक तो रोने भी लगे। वरिष्ठ नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी कहा कि वे इस फैसले से सहमत नहीं हैं, लेकिन पार्टी और मुख्यमंत्री के साथ खड़े रहेंगे।
कार्यकर्ताओं में भी असंतोष
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले को लेकर पार्टी के भीतर भी हलचल तेज हो गई है। कई कार्यकर्ताओं ने इस फैसले पर नाराजगी जताई है और उनसे पुनर्विचार करने की अपील की है।
एक कार्यकर्ता ने कहा कि बिहार की जनता नीतीश कुमार की नेतृत्व क्षमता पर भरोसा करती है और उनके इस फैसले से लोगों को ऐसा महसूस हो रहा है जैसे वे राज्य को बीच में छोड़कर जा रहे हों। हालांकि पार्टी नेतृत्व का कहना है कि जल्द ही सभी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
