एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल : डिप्टी सीएम से मिलने पहुंचे तो प्रदेश अध्यक्ष को उठाकर ले गई पुलिस, आक्रोशित होकर थाने पहुंचे सैकड़ों कर्मचारी
बिलासपुर। नियमितीकरण समेत 10 सूत्रीय मांगों को लेकर एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल लगातार जारी है। काम पर नहीं लौटने पर बर्खास्तगी की नोटिस मिलने के बाद रविवार को एनएचएम कर्मचारी संघ के पदाधिकारी डिप्टी सीएम अरुण साव से मिलने बिलासपुर सर्किट हाउस पहुंचे। लेकिन इस दौरान पुलिस ने कर्मचारी संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष श्याम मोहन दुबे को हिरासत में लेकर थाने पहुंचा दिया। इस कार्रवाई से नाराज होकर सैकड़ों एनएचएम कर्मचारी थाने के बाहर जुट गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे।
कर्मचारियों का आक्रोश
एनएचएम कर्मचारियों का कहना है कि कोरोना काल में उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर सेवाएं दी थीं। “हमारा भी परिवार है, लेकिन सरकार हमारी मेहनत को नज़रअंदाज कर रही है। मजबूरी में हमें हड़ताल करनी पड़ी,” कर्मचारियों ने कहा।
ये हैं एनएचएम कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
- नियमितीकरण
- पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना
- ग्रेड पे निर्धारण
- लंबित 27% वेतन वृद्धि
- CR सिस्टम में पारदर्शिता
- रेगुलर भर्ती में सीटों का आरक्षण
- अनुकंपा नियुक्ति
- मेडिकल और अन्य अवकाश की सुविधा
- ट्रांसफर पॉलिसी
- न्यूनतम 10 लाख तक कैश-लेस मेडिकल इंश्योरेंस
फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन और उग्र हो सकता है।
