दो दिन पहले मौतें, अब फिर लापरवाही: बिलासपुर में एक ही ट्रैक पर 3 ट्रेनें, यात्री ट्रेन के आगे-पीछे खड़ी हो गईं दो मालगाड़ियां…
बिलासपुर में एक ही ट्रैक पर 3 ट्रेनें
बिलासपुर: बिलासपुर रेलवे मंडल में एक बार फिर रेलवे सिस्टम की बड़ी चूक सामने आई है। कोटमी सोनार और जयराम नगर स्टेशन के बीच एक ही ट्रैक पर दो मालगाड़ियां और एक यात्री ट्रेन आ गईं। यह घटना बिलासपुर रेल हादसे के महज दो दिन बाद हुई है, जिसने पूरे सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यात्रियों में हड़कंप, कई नीचे कूदे ट्रेन से
जानकारी के मुताबिक, जब यात्रियों ने देखा कि उनके आगे और पीछे दोनों ओर मालगाड़ियां खड़ी हैं, तो ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री घबराकर ट्रेन से नीचे उतर गए, ताकि किसी संभावित टक्कर से अपनी जान बचा सकें। गनीमत रही कि इस बार किसी बड़ी दुर्घटना से बाल-बाल बचाव हो गया, लेकिन घटना ने रेल सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी।
दो दिन पहले ही हुआ था भीषण हादसा
मंगलवार को शाम 4 बजकर 10 मिनट पर, बिलासपुर के पास कोरबा से बिलासपुर आ रही लोकल ट्रेन एक खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई थी। इस हादसे में 11 यात्रियों की मौत हो गई थी, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए थे। टक्कर इतनी भयानक थी कि इंजन, ब्रेक वैन और महिला कोच तक मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गए थे।
रेलवे सिस्टम पर गंभीर सवाल
अब यह नया मामला साबित करता है कि रेलवे प्रशासन ने पिछले हादसे से कोई सबक नहीं लिया। दो दिन पहले हुए हादसे की जांच अभी पूरी भी नहीं हुई थी कि फिर वही लापरवाही, वही ढर्रा और वही खतरा दोहराया गया। एक ही ट्रैक पर तीन ट्रेनें, वो भी यात्रियों से भरी ट्रेन के आगे-पीछे मालगाड़ियां — यह केवल सिस्टम फेल्योर नहीं, बल्कि जानलेवा अपराध है।
