छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद को करारा झटका: सुकमा में 20 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
सुकमा: जिले में नक्सल उन्मूलन की दिशा में एक बड़ी सफलता मिली है। यहां 20 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर हिंसा की राह को अलविदा कह दिया। पुलिस के मुताबिक इन सभी पर कुल ₹33 लाख का इनाम घोषित था। हैरानी की बात यह है कि आत्मसमर्पित नक्सलियों में 9 महिलाएं भी शामिल हैं, जो लंबे समय से संगठन में सक्रिय थीं।
राज्य में सरेंडर की बयार, बस्तर में टूटी नक्सली कमर
प्रदेश में सरकार और सुरक्षा बलों की संयुक्त रणनीति रंग ला रही है। ‘नक्सल मुक्त बस्तर’ के लक्ष्य की ओर एक और बड़ा कदम बढ़ाते हुए बीते दिनों कांकेर, बीजापुर और नारायणपुर में भी बड़ी संख्या में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया।
बीजापुर में 1.15 करोड़ के इनामी 23 नक्सली सरेंडर:
बीजापुर जिले में स्पेशल जोनल कमेटी (SZCM) के सदस्य जगदीश इरपा समेत कुल 23 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर संगठन को बड़ा झटका दिया है। ये सभी उच्च श्रेणी के नक्सली थे, जिनमें DVCM, ACM, PPCM, LOS सदस्य और जनताना सरकार के पदाधिकारी शामिल हैं। इन पर कुल ₹1.15 करोड़ का इनाम घोषित था।
कांकेर में महिला नक्सलियों समेत 13 ने पकड़ा मुख्यधारा का रास्ता:
कांकेर जिले में भी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। यहां एसपी आई. कल्याण एलिसेला के समक्ष 13 नक्सलियों ने हथियार डाले। इन पर ₹62 लाख का इनाम था। सरेंडर करने वालों में एक महिला कंपनी कमांडर समेत 5 महिला नक्सली भी शामिल थीं।
नारायणपुर में टेक्निकल टीम कमांडर समेत 8 नक्सलियों का आत्मसमर्पण:
अबूझमाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्र में भी फोर्स की दबिश ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। नारायणपुर में टेक्निकल टीम के कमांडर समेत 8 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। सुरक्षा बलों की मॉनसून ऑपरेशन रणनीति से नक्सलियों में खौफ का माहौल बना है।
