Naxal Attack: नक्सलियों की साजिश नाकाम! टिफिन में दबा IED मिला, जवानों ने किया विस्फोट
Naxal Attack: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए एक बड़ा धमाका टाल दिया। भैरमगढ़ क्षेत्र के चिहका–उसपरी मार्ग पर सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों को स्टील के टिफिन में छुपाया गया करीब 10 किलो IED मिला, जिसे बीडीएस टीम ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।
सर्चिंग के दौरान जमीन पर फैले इलेक्ट्रिक तार पर जवानों की नजर पड़ी, जिसके बाद इलाके की बारीकी से जांच की गई और विस्फोटक बरामद हुआ।
दंतेवाड़ा में भी फूटी नक्सली साजिश
इसी तरह पिछले महीने 6 अक्टूबर को दंतेवाड़ा जिले में भी सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की एक और योजना को विफल कर दिया था। सातधार–मालेवाही मार्ग पर नक्सलियों द्वारा प्लांट किया गया 5 किलो का प्रेशर कुकर IED CRPF 195 बटालियन और स्थानीय पुलिस ने बरामद कर नष्ट कर दिया।
यह वही इलाका है जहां सितंबर में IED ब्लास्ट में दो CRPF जवान घायल हुए थे।
सितंबर में हुआ था बड़ा हमला
11 सितंबर 2025 को इसी क्षेत्र में हुए IED ब्लास्ट में दो जवान गंभीर रूप से घायल हुए थे। इसके बाद सुरक्षा बल लगातार खुफिया जानकारी जुटाने और सर्च ऑपरेशन चलाने में लगे हुए थे। इसी दौरान एक और कुकर IED की जानकारी मिली, जिसे बाद में डिफ्यूज कर दिया गया।
अबूझमाड़ में बिछे IED और नक्सलियों का अमानवीय चेहरा
पूरा बस्तर क्षेत्र लंबे समय से नक्सली हिंसा से जूझ रहा है। अबूझमाड़ के कई हिस्सों में नक्सलियों ने बड़ी संख्या में IED बिछा रखे हैं।
बीजापुर के मद्देड़ थाना क्षेत्र के बंदेपारा गांव में एक महिला नक्सली IED की चपेट में आकर घायल हो गई। हैरानी की बात यह रही कि उसके साथी उसे छोड़कर जंगल में भाग गए और उसका हथियार लेकर फरार हो गए।
पुलिस और ग्रामीणों ने दिखाई मानवता
ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और महिला नक्सली को प्राथमिक उपचार प्रदान किया। बाद में उसे जिला अस्पताल बीजापुर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस का आधिकारिक बयान
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, घायल नक्सली गुज्जा सोढ़ी पिछले 6–7 वर्षों से मद्देड़ एरिया कमेटी में सक्रिय थी और वह ACM कन्ना बुच्चना के साथ पार्टी सदस्य के रूप में काम कर रही थी। ऑपरेशन के दौरान वह 12 बोर का हथियार लेकर चलती थी।
