दोस्त से संबंध बनाने से इनकार करने पर 4 सहेलियों ने छात्रा को डंडों से पीटा; वीडियो कॉल पर मंगवाई माफी, VIDEO वायरल
सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले से दिल दहला देने वाला और मानवीय संवेदनाओं को झकझोरने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कॉलेज छात्रा को उसकी ही सहेलियां बहाने से सुनसान इलाके में ले गईं और वहां लात-घूंसों व डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि पीड़िता ने अपनी सहेली के एक पुरुष मित्र के साथ रिलेशनशिप में आने से मना कर दिया था, जिसका बदला लेने के लिए सहेलियों ने यह खौफनाक साजिश रची। मारपीट के दौरान छात्रा से जबरन वीडियो कॉल कराकर उस युवक से माफी भी मंगवाई गई। घटना का शर्मनाक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला कोलगवां थाना पुलिस के पास पहुंचा है।
बाजार का बहाना बनाकर ले गई, सुनसान रास्ते पर घेरा
पीड़िता के अनुसार, एक छात्र काफी समय से उसे व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर परेशान कर रहा था। छात्रा ने जब उस युवक को फटकार लगाई, तो कॉलेज में साथ पढ़ने वाली और पड़ोस में रहने वाली एक सहेली ने उस पर युवक से दोस्ती और संबंध बनाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
पीड़िता ने जब साफ इनकार कर दिया, तो 6 अगस्त को आरोपी सहेली ने उसे बाजार चलने के बहाने अपनी स्कूटी पर बैठाया। शहर में इधर-उधर घुमाने के बाद आरोपी सहेली किसी रिश्तेदार के घर जाने का झांसा देकर उसे नगर वन के सामने एक सुनसान इलाके में ले गई। वहां पहले से ही चेहरे पर नकाब बांधे तीन अन्य लड़कियां मौजूद थीं।
डंडे से चेहरे पर किए वार, बनाया वीडियो
सुनसान जगह पहुंचते ही चारों लड़कियों ने पीड़िता को घेर लिया और भद्दी गालियां देते हुए उस पर टूट पड़ीं। एक लड़की ने डंडे से पीड़िता के कान, आंख और चेहरे के संवेदनशील हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार किए। बाकी लड़कियां लात-घूंसों से उसे लगातार पीटती रहीं। इस दौरान आरोपियों में से एक लड़की ने मोबाइल से इस पूरी बर्बरता का वीडियो बनाया। छात्रा को धमकाते हुए कहा गया कि वह उनके दोस्त की हर शर्त माने। जब छात्रा ने जान बचाने के लिए हामी भर दी और वीडियो कॉल पर युवक से माफी मांग ली, तब आरोपी लड़कियां उसे सेमरिया चौराहे पर बदहवास हालत में छोड़कर भाग निकलीं।
डर और लाचारी: 38 दिन तक घुटती रही पीड़िता
पीड़िता डर और बदनामी की वजह से 38 दिनों तक खामोश रही। पीड़िता की मां गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं और पिता इलाज के सिलसिले में बाहर गए हुए थे, जिसके चलते वह किसी रिश्तेदार के यहां रहकर अपनी पढ़ाई कर रही थी। मामला तब खुला जब यह वायरल वीडियो छात्रा के एक स्थानीय रिश्तेदार तक पहुंचा। परिजनों ने जब वीडियो देखकर सख्ती से पूछताछ की, तो पीड़िता फफक पड़ी और पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद 11 सितंबर को पीड़िता परिजनों के साथ कोलगवां थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
वीडियो की जांच और केस दर्ज करने का निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी ने बताया कि घटना की जानकारी संज्ञान में आते ही जांच अधिकारी को पीड़िता के विधिवत बयान दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस वायरल वीडियो का तकनीकी परीक्षण करा रही है और वीडियो में नजर आ रही छात्राओं व मुख्य साजिशकर्ता के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
