जज का घर भी सुरक्षित नहीं! जहां पुलिस का पहरा, वहीं चोरों ने डाला डाका…

Judge bungalow theft

कोरिया जिले के बैकुंठपुर में सरकारी बंगले को बनाया निशाना, ग्रीष्म अवकाश में गईं महिला जज, चोरों ने खंगाला पूरा घर

 

बैकुंठपुर, कोरिया। पुलिस की नाक के नीचे, वो भी एसपी ऑफिस के ठीक सामने। यकीन करना मुश्किल है, लेकिन कोरिया जिले में ऐसा ही हुआ। एक महिला जज के सरकारी बंगले में चोरों ने धावा बोल दिया और करीब 9 लाख रुपये का माल समेट ले गए। जज ग्रीष्मकालीन अवकाश पर थीं और यही मौका चोरों ने तलाश लिया।

पुलिस के सबसे बड़े दफ्तर से सटे इस बंगले में चोरी की वारदात ने हर किसी को चौंका दिया है। कैसे चोरों ने एसपी ऑफिस के सामने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया, यह बड़ा सवाल है।

 

आंखें खोल देगी वारदात की पूरी कहानी

व्यवहार न्यायाधीश प्रेरणा आहिरे 24 मई को ग्रीष्मकालीन अवकाश पर रायपुर चली गई थीं। बंगला बंद पड़ा था। 3 जून को सुबह करीब साढ़े दस बजे उन्होंने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की तो उनके होश उड़ गए। कैमरे में आलमारी खुली हुई और कपड़े बिखरे दिखे।

तुरंत उन्होंने सुरक्षा गार्ड और कोर्ट मोहर्रिर को बुलाया। जब उन्होंने बंगले में जाकर देखा तो पूरा घर तहस-नहस था। आलमारी खाली पड़ी थी और कीमती सामान गायब था। जज तुरंत रायपुर से बैकुंठपुर लौट आईं और 4 जून को सिटी कोतवाली में केस दर्ज कराया।

 

क्या-क्या चुराया चोरों ने?

चोरों ने किसी चीज का मोल नहीं देखा। सोना, चांदी, हीरा, आईपैड, मोबाइल, सब उड़ा ले गए। ये है चोरी के माल की लिस्ट

 

सोने-हीरे के जेवरात

डेढ़ तोले का सोने-हीरे का ब्रेसलेस, कीमत करीब 3 लाख

सोने का दो लड़ वाला झुमका, कीमत करीब ढाई लाख

2 सोने के कान के टॉप्स और 2 सोने की अंगूठियां, कीमत करीब 2 लाख

 

चांदी के जेवरात

चांदी का हॉफ कमरबंध, 2 चाबी गुच्छा, 6 जोड़ी पायल, कुल वजन 400 ग्राम, कीमत करीब 1.12 लाख

 

अन्य सामान

4 पुराने मोबाइल, कीमत करीब 20 हजार

हाईकोर्ट से प्रदत्त आईपैड, कीमत करीब 30 हजार

4 घड़ियां, कीमत करीब 20 हजार

आर्टिफिशियल ज्वेलरी के 3 सेट और 37 इयर रिंग सेट

कुल नुकसान करीब 9 लाख रुपये।

 

पुलिस की क्या कहना है?

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में नशे के आदी कुछ किशोरों से पूछताछ की जा रही है। उनका दावा है कि एक-दो दिन में पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

लेकिन सवाल यह है कि एसपी ऑफिस के सामने इतनी बड़ी वारदात को पुलिस ने भांपा क्यों नहीं? ये जवाब अभी बाकी हैं।

 

 

Judge bungalow theft

जहां डरना था.. वहीं दिखा गए दम

यह पहला मौका नहीं है जब बैकुंठपुर के न्यायालय परिसर में चोरी हुई हो। इससे पहले भी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन में एसी के कॉपर पाइप चोरी हो चुके हैं। लेकिन यह वारदात कहीं ज्यादा हैसियत वाली है। चोरों ने एक जज के घर पर हाथ साफ कर दिखाया, वो भी एसपी ऑफिस से सटे बंगले में।

इस वारदात के बाद एसपी ऑफिस के आसपास के लोगों में दहशत है। लोगों का भरोसा पुलिस पर से उठता नजर आ रहा है। अगर एसपी के सामने ही इतनी बड़ी वारदात हो जाए, तो आम लोगों को क्या उम्मीद रहेगी?

 

चोरों की तलाश में पुलिस

पुलिस अब अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि चोर गिरोह पिछले कुछ समय से इस इलाके में सक्रिय है और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर चोरों ने एसपी ऑफिस से सटे इस बंगले को ही क्यों चुना? क्या यह पुलिस को चुनौती थी ? इन सवालों के जवाब अभी आना बाकी हैं। फिलहाल, पुलिस की साख दांव पर लग चुकी है।

Read more- 

छत्तीसगढ़ में 24,99,823 वोटरों के कटे नाम, देखिए जिलेवार आंकड़े…

 

Youthwings