JEE-NEET फ्री कोचिंग के लिए शिक्षकों की भर्ती, ₹2,000 प्रति घंटे तक मिलेगा मानदेय

JEE NEET Teacher Recruitment 2026

बिहार स्कूल परीक्षा बोर्ड (BSEB) ने 10वीं उत्तीर्ण मेधावी छात्रों के लिए शुरू किए जा रहे निशुल्क JEE और NEET कोचिंग कार्यक्रम के लिए अनुभवी शिक्षकों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों को इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी मुफ्त में उपलब्ध कराना है। चयनित शिक्षक पटना के विभिन्न स्कूलों में संचालित होने वाली कोचिंग कक्षाओं में पढ़ाएंगे।

किन विषयों के लिए होगी भर्ती?

यह भर्ती अनुबंध के आधार पर की जाएगी। चयनित शिक्षकों को फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथमेटिक्स और बायोलॉजी विषय पढ़ाने होंगे। कोचिंग कक्षाएं पटना के 10 चयनित स्कूलों में नियमित स्कूल समय के बाद संचालित की जाएंगी।

जानें महत्वपूर्ण तारीखें

आवेदन की अंतिम तिथि: 10 जुलाई 2026 (शाम 5:00 बजे तक)
साक्षात्कार की तिथि: 12 जुलाई 2026
समय: सुबह 10:00 बजे
स्थान: बिहार स्कूल परीक्षा बोर्ड, सिन्हा लाइब्रेरी रोड, पटना

शैक्षणिक योग्यता और अनुभव

आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास M.Sc., B.Tech. या M.Tech. की डिग्री होना आवश्यक है। इसके अलावा किसी प्रतिष्ठित JEE या NEET कोचिंग संस्थान में कम से कम पांच वर्ष का शिक्षण अनुभव अनिवार्य रखा गया है।

उम्मीदवार को यह भी प्रमाणित करना होगा कि पिछले पांच वर्षों में से किसी एक वर्ष में उसे कम से कम ₹1 लाख प्रति माह या ₹12 लाख वार्षिक वेतन प्राप्त हुआ है। इसके लिए सैलरी स्लिप जमा करनी होगी। यदि सैलरी स्लिप उपलब्ध नहीं है तो पिछले तीन वर्षों का आयकर रिटर्न (ITR) प्रस्तुत किया जा सकता है।

read more : कृषि विस्तार अधिकारी के 2784 पदों पर भर्ती, आवेदन प्रक्रिया शुरू, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया

चयनित शिक्षकों को अधिकतम ₹2,000 प्रति घंटे तक प्रोफेशनल फीस दी जाएगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को हर वर्ष 5 से 10 प्रतिशत तक मानदेय वृद्धि का लाभ भी मिलेगा। प्रारंभिक अनुबंध दो वर्षों का होगा, जिसे आवश्यकता के अनुसार आगे बढ़ाया जा सकेगा।

ऐसे होगा उम्मीदवारों का चयन

दस्तावेजों की जांच के बाद योग्य उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा या डेमो क्लास और व्यक्तिगत साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम चयन प्रदर्शन और अनुभव के आधार पर किया जाएगा।

बाहर से आने वाले उम्मीदवारों को मिलेगा यात्रा भत्ता

पटना के बाहर से साक्षात्कार में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को यात्रा व्यय की भी सुविधा मिलेगी। उन्हें इकोनॉमी क्लास हवाई यात्रा या एसी रेल यात्रा के वास्तविक किराए का 70 प्रतिशत प्रतिपूर्ति के रूप में दिया जाएगा।

कैसे करें आवेदन?

इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र और आवश्यक दस्तावेज 10 जुलाई 2026, शाम 5 बजे तक ईमेल के माध्यम से भेज सकते हैं। इसके अलावा BSEB के ऑनलाइन कोचिंग पोर्टल पर उपलब्ध “Teachers for 10 New Non Residential Free Coaching At Patna” लिंक के जरिए भी आवेदन किया जा सकता है। आवेदन के दौरान सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य होगा।

Youthwings