कृषि विस्तार अधिकारी के 2784 पदों पर भर्ती, आवेदन प्रक्रिया शुरू, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया

MPESB भर्ती 2026

भोपाल। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा अवसर आया है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने ग्रुप-2 सब ग्रुप-1 भर्ती परीक्षा 2026 के तहत कृषि विस्तार अधिकारी (AEO) के 2784 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 3 जुलाई 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 17 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इस भर्ती अभियान के जरिए कृषि विभाग में बड़ी संख्या में रिक्त पदों को भरा जाएगा। अभ्यर्थियों को आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से करना होगा।

कौन कर सकता है आवेदन?

इस भर्ती में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से निर्धारित विषय में स्नातक (Graduation) की डिग्री होना आवश्यक है। आवेदन की अंतिम तिथि तक सभी आवश्यक शैक्षणिक योग्यताएं पूरी होना अनिवार्य होगा।

आवेदन में सुधार का मिलेगा मौका

ऑनलाइन आवेदन जमा करने के बाद यदि किसी अभ्यर्थी से आवेदन पत्र में कोई त्रुटि हो जाती है, तो उसे सुधारने का अवसर भी मिलेगा। आवेदन में संशोधन 22 जुलाई 2026 तक किया जा सकेगा।

आयु सीमा और छूट

भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष होगी। महिला अभ्यर्थियों, आरक्षित वर्ग तथा शासकीय कर्मचारियों को नियमानुसार अधिकतम 45 वर्ष तक आयु सीमा में छूट दी जाएगी। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 को आधार मानकर की जाएगी।

read more : मध्य प्रदेश, बिहार और गुजरात में उपचुनाव का शेड्यूल जारी, 30 जुलाई को वोटिंग

इतनी मिलेगी सैलरी

चयनित उम्मीदवारों को ₹25,300 से ₹80,500 प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा। इसके अलावा शासन के नियमों के अनुसार महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता तथा अन्य सरकारी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।

कैसे होगा चयन?

उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा (CBT) आयोजित होगी। इसके बाद मेरिट सूची तैयार की जाएगी, फिर दस्तावेज सत्यापन और अन्य औपचारिकताओं के बाद अंतिम नियुक्ति दी जाएगी।

2 अगस्त से शुरू होगी परीक्षा

भर्ती परीक्षा 2 अगस्त 2026 से आयोजित होगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा।

अंतिम तिथि से पहले करें आवेदन

कृषि विभाग में सरकारी नौकरी पाने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में योग्य अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी तकनीकी समस्या से बचा जा सके।

 

Youthwings