कुरूद में फर्जी डॉक्टर की लापरवाही से मासूम की मौत, 16 दिन बाद भी कार्रवाई अधूरी, परिजनों में आक्रोश

कुरूद

कुरूद

धमतरी:  जिले के कुरूद क्षेत्र में फर्जी डॉक्टर की लापरवाही से एक 12 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना को 16 दिन बीत चुके हैं, लेकिन न तो पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ी है और न ही चिकित्सा जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट सौंपी है। इससे पीड़ित परिवार में गुस्सा है और पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कैसे हुई घटना?

यह मामला 10 अगस्त का है। कुरूद विकासखंड के ग्राम डांडेसरा निवासी 12 वर्षीय नीरज साहू को सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत थी। परिजन उसे इलाज के लिए कुरूद के अशोक मेडिकल स्टोर लेकर पहुंचे, जिसे अशोक शर्मा नामक व्यक्ति चला रहा था। परिजनों का आरोप है कि अशोक शर्मा, जो एक कथित झोलाछाप डॉक्टर है, ने बिना किसी सही जांच के मासूम को एक इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगते ही नीरज की हालत बिगड़ने लगी — उसके मुंह से झाग निकलने लगा और वह अचेत होकर गिर पड़ा। अशोक शर्मा घबराकर बच्चे को तुरंत कुरूद सिविल अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अब तक नहीं आई मेडिकल जांच रिपोर्ट

इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों ने जमकर नाराजगी जाहिर की और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। हालांकि, 21 अगस्त को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की, लेकिन आईपीसी की सामान्य धाराओं के तहत। अब तक मेडिकल जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट पुलिस को नहीं सौंपी है, जिससे जांच की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।

संरक्षण मिलने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि आरोपी को स्वास्थ्य विभाग और कुछ स्थानीय रसूखदारों का संरक्षण मिल रहा है। वे यह भी कहते हैं कि जांच के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है और आरोपी पर कार्रवाई को टालने की कोशिश हो रही है। मृतक की बहन ने रोते हुए अपील की है कि उसके भाई को इंसाफ दिलाया जाए और दोषी को सख्त सजा मिले।

पुलिस का जवाब

इस मामले में कुरूद थाना प्रभारी (टीआई) राजेश जगत ने कहा कि, “मर्ग इंटिमेशन के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है। जैसे ही डॉक्टरों की रिपोर्ट आएगी, आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

Youthwings