Independence Day 2025 PM Modi Speech: बिना नाम लिए दुश्मनों को चेतावनी, घुसपैठ रोकने का ऐलान, स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी के भाषण की 20 बड़ी बातें
Independence Day 2025 PM Modi Speech
Independence Day 2025 PM Modi Speech: 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए देशवासियों को आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत का संकल्प लेने का आह्वान किया। अपने भाषण में उन्होंने आतंकवाद, घुसपैठ, जनसांख्यिकी बदलाव और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर कड़ा संदेश दिया, साथ ही युवाओं, किसानों, वैज्ञानिकों और उद्योग जगत के लिए कई अहम घोषणाएं कीं।
राष्ट्रीय सुरक्षा को मिलेगी नई ताकत
पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले 10 वर्षों में, यानी 2035 तक, देश के सभी महत्वपूर्ण स्थलों – चाहे वे सामरिक हों या सिविलियन – को आधुनिक तकनीक से सुरक्षा कवच प्रदान किया जाएगा। इसमें अस्पताल, रेलवे स्टेशन, आस्था के केंद्र जैसे स्थान भी शामिल होंगे।
‘उच्च-शक्ति जनसांख्यिकी मिशन’ की शुरुआत
प्रधानमंत्री ने चेतावनी दी कि सीमावर्ती इलाकों में जनसांख्यिकी परिवर्तन राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को देश की रोज़ी-रोटी, बहन-बेटियों की सुरक्षा और आदिवासियों की जमीन पर कब्जा करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। इसके लिए ‘उच्च-शक्ति जनसांख्यिकी मिशन’ शुरू करने का ऐलान किया गया।
युवाओं के लिए ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’
पीएम मोदी ने एक लाख करोड़ रुपये की योजना की शुरुआत की। इस योजना के तहत निजी क्षेत्र में पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को सरकार 15,000 रुपये देगी, ताकि रोजगार के अवसर बढ़ें।
गरीबी हटाने में मिली ऐतिहासिक सफलता
मोदी ने कहा कि 25 करोड़ से अधिक गरीब अब गरीबी से बाहर निकल चुके हैं। उन्होंने इसे योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाने का परिणाम बताया।
किसानों, मछुआरों और पशुपालकों के हितों की रक्षा
पीएम ने कहा कि उनके खिलाफ किसी भी तरह की अहितकारी नीति के सामने वे ‘दीवार’ बनकर खड़े रहेंगे। उन्होंने किसानों की रिकॉर्ड अनाज उत्पादन और भारत की मछली उत्पादन में दुनिया में दूसरे स्थान पर पहुंचने की उपलब्धि पर गर्व जताया।
अर्थव्यवस्था और सुधार
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि दिवाली से पहले ‘नेक्स्ट जेनरेशन GST सुधार’ लागू होंगे, जिनमें आम लोगों की जरूरत की चीजों पर टैक्स में बड़ी कटौती होगी।
स्वदेशी को मजबूती से अपनाने का संकल्प
उन्होंने कहा कि स्वदेशी को मजबूरी में नहीं, बल्कि मजबूती के साथ अपनाना चाहिए और इसे हमारी ताकत बनाना चाहिए।
विकसित भारत का मंत्र
पीएम ने ‘समृद्ध भारत’ को 140 करोड़ देशवासियों का साझा मंत्र बताते हुए ‘वोकल फॉर लोकल’ का आह्वान किया।
स्पेस और डिफेंस में आत्मनिर्भरता
प्रधानमंत्री ने गगनयान मिशन, स्वदेशी स्पेस स्टेशन और ‘मेड इन इंडिया’ लड़ाकू विमान इंजन बनाने का लक्ष्य रखा।
समुद्री संसाधनों और सेमीकंडक्टर निर्माण पर जोर
समुद्र में तेल और गैस के भंडार की खोज और इस वर्ष के अंत तक ‘मेड इन इंडिया’ सेमीकंडक्टर चिप्स के बाजार में आने की घोषणा की।
आतंकवाद के खिलाफ ‘न्यू नॉर्मल’
मोदी ने कहा कि भारत अब आतंकियों और उनके समर्थकों में फर्क नहीं करेगा और परमाणु धमकियों को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए बताया कि किस तरह दुश्मन की धरती में घुसकर आतंकी ठिकानों को तबाह किया गया।
युवाओं के लिए संदेश
प्रधानमंत्री ने युवाओं को नवाचार और नए विचार लाने का आग्रह किया, ताकि 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार हो सके।
आपातकाल की याद
उन्होंने 50 साल पहले लगाए गए आपातकाल को ‘संविधान की हत्या’ बताया और देशवासियों से इसे कभी न भूलने की अपील की।
