गुजरात ATS ने अलकायदा के चार आतंकियों को किया गिरफ्तार, दिल्ली और नोएडा में भी कार्रवाई

गुजरात एटीएस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अलकायदा से जुड़े चार आतंकियों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां गुजरात, दिल्ली और उत्तर प्रदेश (नोएडा) से की गई हैं। जानकारी के अनुसार, गुजरात के अरवल्ली से 2, दिल्ली से 1 और नोएडा से 1 आतंकी को पकड़ा गया है।

एटीएस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी आतंकियों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच है और ये आपस में सोशल मीडिया के माध्यम से जुड़े हुए थे। ये सभी आतंकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए युवाओं को अपने कट्टरपंथी ग्रुप में शामिल करने का कार्य कर रहे थे।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इन आतंकियों का सीधा संबंध अलकायदा की आतंकी विचारधारा से है। गुजरात एटीएस को पहले से इन संदिग्धों के बारे में सूचना मिली थी कि ये अलकायदा की चरमपंथी सोच को फैलाने और युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।

एटीएस ने कहा है कि ये लोग धार्मिक बहकावे और लालच के ज़रिए युवाओं को अपने साथ जोड़ने की साजिश में लगे हुए थे। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और जांच एजेंसियां इनके नेटवर्क और मंसूबों की गहराई से जांच कर रही हैं।

Youthwings