Goa Fire Case Update: फुकेट में पकड़े गए लूथरा ब्रदर्स की जमानत याचिका खारिज, गोवा CM बोले- ‘दो से तीन दिन में भारत लाया जाएगा’

Goa Fire Case Update: गोवा के चर्चित Birch by Romeo Lane नाइटक्लब अग्निकांड मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। दिल्ली की एक अदालत ने क्लब के मालिक और हादसे के मुख्य आरोपी सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा की अग्रिम जमानत याचिका गुरुवार शाम खारिज कर दी। अदालत ने साफ कहा कि—

“दोनों आरोपी किसी भी तरह की संरक्षण अवधि के हकदार नहीं हैं।”

इस फैसले के बाद दोनों भाइयों की गिरफ्तारी लगभग तय मानी जा रही है। दोनों मालिक फिलहाल फुकेट (थाईलैंड) में हिरासत में हैं, जहां उन्हें भारतीय एजेंसियों के अलर्ट के बाद पकड़ा गया था।

हादसे के बाद थाईलैंड भागे थे आरोपी

अरपोरा स्थित Birch by Romeo Lane क्लब में भयावह आग लगने से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई थी। जांच ने यह खुलासा किया कि क्लब में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, कई अनियमितताएं थीं, अवैध विस्तार और बिना सेफ्टी उपायों के संचालन किया जा रहा था।

हादसे के तुरंत बाद दोनों आरोपी मालिक थाईलैंड भाग गए थे। इसी दौरान उन्होंने दिल्ली कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी, जिसमें चार हफ्ते की अंतरिम सुरक्षा मांगी गई थी ताकि भारत पहुंचते ही उनकी गिरफ्तारी न हो। अदालत ने यह मांग खारिज करते हुए सख्त रुख अपनाया।

गोवा के मुख्यमंत्री ने दिया बड़ा अपडेट

आजतक को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इस मामले में सबसे बड़ा बयान दिया।

सीएम ने कहा: “लूथरा भाइयों को दो–तीन दिन के भीतर भारत ला लिया जाएगा।”

उन्होंने यह भी बताया कि मामले में तीन सरकारी अधिकारी जांच के घेरे में हैं, इनमें से दो महिला अधिकारी सहयोग कर रही हैं, लेकिन अरपोरा-नागोवा पंचायत के सेक्रेटरी रघुवीर बागकर जांच में सहयोग नहीं कर रहे। सीएम ने कहा कि उन्हें कल गिरफ्तार किया जाएगा।

सीएम के इस बयान से साफ है कि सरकार इस मामले को लेकर बेहद गंभीर है और प्रशासनिक स्तर पर कड़ी कार्रवाई हो रही है।

तेजी क्यों बढ़ी है कार्रवाई की?

अग्निकांड में हुई भीषण जनहानि, क्लब की अवैध गतिविधियाँ, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और हादसे के बाद मालिकों का विदेश भाग जाना इन सभी ने इस मामले को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी बहस बना दिया है। सरकार और जांच एजेंसियों की सख्ती से अब यह साफ संकेत मिल रहा है कि किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, चाहे वह निजी क्लब मालिक हों या सरकारी अधिकारी।

Youthwings