France President Macron India Visit: भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी में बड़ा कदम, पीएम मोदी आज करेंगे द्विपक्षीय वार्ता
France President Macron India Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की भारत यात्रा को लेकर काफी उत्साहित हैं। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर मैक्रों की पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए कहा कि भारत उनकी यात्रा और द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उत्साहित है।
फ्रांस और भारत के बीच इस दौरे के दौरान बड़े व्यापार और रणनीतिक समझौतों की संभावना जताई जा रही है। यूरोपीय संघ और अमेरिका के साथ हाल ही में हुई ट्रेड डील के बाद अब फ्रांस के साथ भी भारत के लिए महत्वपूर्ण व्यावसायिक अवसर खुलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “भारत में आपका स्वागत है! मुझे विश्वास है कि हमारी चर्चा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करेगी तथा वैश्विक प्रगति में योगदान देगी। मेरे प्रिय मित्र, इमैनुएल मैक्रों, मुंबई में और फिर दिल्ली में मिलते हैं।”
इससे पहले, राष्ट्रपति मैक्रों ने भारत के लिए रवाना होते हुए कहा था कि वह मुंबई और नई दिल्ली में तीन दिन की यात्रा के दौरान भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाएंगे। उनके साथ विमान में व्यापार, आर्थिक, औद्योगिक, सांस्कृतिक और डिजिटल क्षेत्र के विशेषज्ञ भी थे, जो दोनों देशों के संबंधों को ठोस रूप देने में सहयोग करेंगे।
राष्ट्रपति मैक्रों भारत में आयोजित एआई (कृत्रिम मेधा) शिखर सम्मेलन में भाग लेने और द्विपक्षीय शिखर बैठक करने के लिए 17 से 19 फरवरी तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। यह उनकी भारत की चौथी और मुंबई की पहली यात्रा है। दोनों नेता इस अवसर पर द्विपक्षीय सहयोग और रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
