त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं: होली मनाने घर जा रहे भाई-बहन को तेज रफ्तार पिकअप ने कुचला, युवक की मौत

होली के जश्न के बीच छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।

नेशनल हाईवे-30 पर हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक यह दुर्घटना नेशनल हाईवे-30 रायपुर-जबलपुर मार्ग पर बिरकोना के पास हुई। मृतक की पहचान अमर दीवान के रूप में हुई है, जो रायपुर में पढ़ाई करता था। बताया जा रहा है कि अमर होली का त्योहार मनाने अपनी बहन के साथ बाइक से रायपुर से अपने गांव बोड़तरा लौट रहा था।

इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमर दीवान की मौके पर ही मौत हो गई।

बहन की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती

हादसे में घायल हुई अमर की बहन को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फरार वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।

त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं

होली जैसे खुशियों के पर्व पर हुई इस दुखद घटना से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

 

Youthwings