Delhi Air Pollution Protest: इंडिया गेट पर हवा में जहर के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को किया गिरफ्तार

Delhi Air Pollution Protest: दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर जनता का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा है। राजधानी की जहरीली हवा के खिलाफ रविवार को सैकड़ों लोग इंडिया गेट पर इकट्ठा हुए और सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे स्वच्छ हवा के अपने बुनियादी अधिकार को लेकर सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। वहीं दिल्ली पुलिस ने बिना अनुमति के प्रदर्शन करने वाले कई लोगों को हिरासत में ले लिया।

सरकार पर AQI डेटा छिपाने का आरोप

प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली सरकार पर प्रदूषण के वास्तविक स्तर को छिपाने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सरकार के द्वारा जारी किए जा रहे AQI (एयर क्वालिटी इंडेक्स) के आंकड़े वास्तविकता से काफी कम हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि राजधानी की हवा इतनी जहरीली हो चुकी है कि बच्चों और बुजुर्गों का सांस लेना मुश्किल हो गया है।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस ने इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास के पूरे इलाके को बंद कर दिया।

महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए प्रदर्शन में

प्रदूषण के खिलाफ इस विरोध में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए। पर्यावरण कार्यकर्ता भावरीन खंडारी ने कहा, “हमने मुख्यमंत्री से मिलने का समय मांगा था, लेकिन हमें अनुमति नहीं दी गई। बहुत से माता-पिता अपने बच्चों की खराब होती सेहत को लेकर परेशान हैं।” उन्होंने बताया कि “दिल्ली के हर तीसरे बच्चे के फेफड़ों को नुकसान पहुंच चुका है और अगर यह हालात जारी रहे, तो उनकी औसत उम्र 10 साल तक कम हो सकती है।”

प्रदूषण के खिलाफ सख्त नीति की मांग

एक अन्य प्रदर्शनकारी अभिषेक ने कहा कि सरकार लोगों को स्वच्छ हवा में सांस लेने का बुनियादी अधिकार देने में असफल रही है। उन्होंने कहा, “कभी दिल्ली को ‘ग्रीन कैपिटल’ कहा जाता था, लेकिन अब यह दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में गिनी जाती है। नेता जिम्मेदारी लेने की बजाय एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहते हैं।”

बिना अनुमति प्रदर्शन पर कार्रवाई

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि इंडिया गेट पर किसी भी प्रकार के विरोध-प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी। डीसीपी (नई दिल्ली) देवेश कुमार महला ने कहा कि, “कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुछ लोगों को एहतियाती तौर पर हिरासत में लिया गया।” उन्होंने कहा कि केवल जंतर-मंतर को ही नामित विरोध स्थल घोषित किया गया है, जहां उचित प्रक्रिया से अनुमति लेकर प्रदर्शन किया जा सकता है।

दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर जनता का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि यह केवल पर्यावरण नहीं बल्कि जीवन का सवाल है। ऐसे में सरकार से अपेक्षा की जा रही है कि वह सिर्फ बयानबाजी के बजाय ठोस कदम उठाए, ताकि दिल्ली फिर से सांस लेने लायक बन सके।

Youthwings