समस्तीपुर में कूड़े में मिलीं VVPAT पर्चियां, प्रशासन की सफाई, दो कर्मी निलंबित

बिहार के समस्तीपुर जिले में सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र के शीतलपट्टी गांव में सड़क किनारे कूड़े में हजारों VVPAT पर्चियां मिलने के मामले में जिला प्रशासन ने स्पष्टिकरण दिया है। प्रशासन ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि ये पर्चियां ईवीएम कमीशनिंग के दौरान की हैं और मतदान से इनका कोई संबंध नहीं है। मतदान वाली VVPAT पर्चियां पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा स्ट्रॉन्ग रूम में त्रिस्तरीय सुरक्षा के साथ प्रोटोकॉल के अनुसार बंद हैं।

 

घटना शनिवार को सामने आई जब कुछ लोगों ने बच्चों को इन पर्चियों से खेलते देखा। इसके बाद प्रत्याशियों और ग्रामीणों ने चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम रोशन कुशवाहा, एसपी अरविंद प्रताप सिंह, एसडीओ दिलीप कुमार, एएसपी संजय कुमार पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।

 

डीएम ने सभी पर्चियों को इकट्ठा कर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। उन्होंने तुरंत दो कर्मचारियों को निलंबित कर एफआईआर दर्ज कराई। डीएम रोशन कुशवाहा ने कहा कि ये पर्चियां मॉक पोल के दौरान उपयोग की गई थीं, जिन्हें निस्तारित करने में एआरओ ने लापरवाही बरती। पर्चियों पर मतदान केंद्र की पहचान कर दोषियों को चिह्नित किया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि इससे वास्तविक मतदान प्रक्रिया की अखंडता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।

 

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की मांग की। सरायरंजन से जदयू उम्मीदवार विजय कुमार चौधरी हैं। पहले चरण में छह नवंबर को यहां 73.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि यह चुनाव कर्मचारियों की गंभीर लापरवाही है। प्रशासन ने जांच पूरी होने तक शांति बनाए रखने की अपील की है।

Youthwings