Cough Syrup Smuggling: ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर कार चढ़ाने का प्रयास, 25 नग प्रतिबंधित कफ सीरप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
Cough Syrup Smuggling
Cough Syrup Smuggling: छत्तीसगढ़ के भिलाई में बुधवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां ट्रैफिक पुलिस कॉन्स्टेबल पर कार चढ़ाने का प्रयास किया गया। घटना सिरसा गेट क्षेत्र की है, जहां स्विफ्ट कार सवार दो युवकों ने पुलिसकर्मी को कुचलने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए कुछ ही घंटों में दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान कार से 25 नग प्रतिबंधित ग्लेनकफ (Glen Cough) सीरप बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों पर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
ट्रैफिक आरक्षक पर कार चढ़ाने की कोशिश
मिली जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर की दोपहर सिरसा गेट के पास ट्रैफिक आरक्षक यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्विफ्ट कार (CG 04 QK 5678) को रोकने का प्रयास किया गया।
लेकिन गाड़ी सवार युवक ने जान से मारने की नीयत से ट्रैफिक आरक्षक पर कार चढ़ाने की कोशिश की और तेज गति से भाग निकले। घटना के बाद आसपास के पुलिसकर्मियों ने तुरंत वायरलेस पर सूचना दी और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी।
कुछ घंटों में पकड़े गए आरोपी
घटना के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने कार को ट्रेस कर लिया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में चालक की पहचान नीरज वर्मा (27 वर्ष), निवासी रायपुरा और उसके चचेरे भाई ऋषभ वर्मा के रूप में हुई।
पुलिस ने जब वाहन रोकने से इंकार करने की वजह पूछी, तो नीरज ने बताया कि वह नशीली दवाइयों की तस्करी कर रहा था और पकड़े जाने के डर से भाग निकला।
कार से मिली नशीली कफ सीरप की खेप
स्विफ्ट कार की तलाशी लेने पर पुलिस को 25 नग प्रतिबंधित ग्लेनकफ सीरप बरामद हुआ। ये सभी बिक्री के उद्देश्य से रखे गए थे। आगे की जांच में खुलासा हुआ कि ये सीरप चरोदा रेल विहार क्षेत्र के बाबा नामक व्यक्ति से खरीदे गए थे। पुलिस ने इसके बाद बाबा के ठिकाने पर दबिश देकर 25 अतिरिक्त नग कफ सीरप बरामद किए हैं।
NDPS एक्ट में मामला दर्ज
पूरी कार्रवाई के बाद पुलिस ने नीरज वर्मा और ऋषभ वर्मा के खिलाफ धारा 109 (1), 132, 221 BNS एवं 67 NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है। वहीं, त्योहारों के मौसम में नशीली दवाओं की बढ़ती तस्करी को देखते हुए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है।
