खेल विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ युवा कांग्रेस का हंगामा, संचालक पर करोड़ों के घोटाले का आरोप
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार को युवा कांग्रेस ने खेल विभाग में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश महासचिव भावेश शुक्ला के नेतृत्व में युवा कांग्रेस ने विभागीय संचालक और उनके करीबी पर गंभीर आरोप लगाए और विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि खेल विभाग की संचालक तनुजा सलाम ने बस्तर ओलंपिक के लिए ट्रैक सूट खरीद में करोड़ों का घोटाला किया है। इसके साथ ही सफाई कर्मचारियों का टेंडर केवल एक व्यक्ति को देने और भाजपा के बालोद जिला महामंत्री सौरभ लूनिया के विभाग में बार-बार हस्तक्षेप करने की भी शिकायत की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लूनिया हर फाइल पर फोन कर अधिकारियों को निर्देशित करते हैं, जिससे पूरे विभाग में “बंदरबांट” की स्थिति बनी हुई है।
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय गरम हो गया, जब भावेश शुक्ला ने तनुजा सलाम से सवाल पूछे। पर जवाब देने के बजाय तनुजा सलाम अचानक वहां से निकल गईं। युवा कांग्रेस का आरोप है कि भ्रष्टाचार के मामले को दबाने के लिए पुलिस प्रशासन ने दबाव बनाने की कोशिश की और मौके पर मौजूद कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया।
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन बड़े स्तर पर धरना, प्रदर्शन और चक्काजाम जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होगा।
प्रदर्शन में जिला महासचिव दिनेश मिश्र, लक्षित तिवारी, तारिक खान, शुभम दुबे, कुणाल दुबे, संस्कार पांडेय, प्रभाकर झा, शेख जुनैद समेत बड़ी संख्या में युवा कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल रहे।
