खुले नालों और बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस का एक्सप्रेस हाईवे पर धरना, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
रायपुर। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने राजधानी रायपुर के एक्सप्रेस हाईवे पर खुले नालों, अव्यवस्थित सड़कों और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। शंकर नगर से पंडरी के बीच स्थित खुले अरमान नाले को लेकर कांग्रेस नेताओं ने गहरी नाराजगी जताते हुए सरकार और प्रशासन को कठघरे में खड़ा किया।
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहर में खुले नालों की वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन PWD और नगर निगम आंख मूंदे बैठे हैं। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने किया। इस मौके पर पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, कांग्रेस नेता पंकज शर्मा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिला अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं को लेकर पूरी तरह लापरवाह हो चुकी है। सरकार को जगाने के लिए कांग्रेस को सड़कों पर उतरना पड़ा है। उन्होंने कहा कि राजधानी की सड़कें, चौक-चौराहे और गड्ढों की हालत बेहद खराब है। जहां-जहां गड्ढे हैं, वहां संबंधित विधायक का नाम लिखा जाएगा, ताकि जनता को पता चल सके कि उनके क्षेत्र की बदहाली के लिए कौन जिम्मेदार है।
कांग्रेस ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही खुले नालों को ढकने और सड़कों की मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
