सचिन पायलट की मौजूदगी में कांग्रेस की अहम बैठक, मनरेगा महा आंदोलन और जंबूरी 2026 पर बनी रणनीति…
सचिन पायलट की मौजूदगी में कांग्रेस की अहम बैठक
रायपुर: रायपुर स्थित राजीव भवन में कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
मनरेगा को लेकर महा आंदोलन की तैयारी
बैठक का प्रमुख एजेंडा मनरेगा को लेकर प्रस्तावित महा आंदोलन रहा। कांग्रेस नेतृत्व ने इस आंदोलन को लेकर विस्तृत चर्चा की और प्रदेशभर में आंदोलन की रूपरेखा तय करने पर मंथन किया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में कांग्रेस सरकार के खिलाफ बड़े स्तर पर जन आंदोलन छेड़ने की तैयारी कर रही है।
जिला अध्यक्षों की ट्रेनिंग पर बोले सचिन पायलट
बैठक के बाद सचिन पायलट ने जिला अध्यक्षों की ट्रेनिंग को लेकर कहा कि— “कई राज्यों में जिला अध्यक्षों की ट्रेनिंग पूरी हो चुकी है। छत्तीसगढ़ में भी सभी जिलों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। हमने काम करने के लिए एक रोडमैप तय कर दिया है और अब यहां भी जल्द ट्रेनिंग आयोजित की जाएगी।” उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए प्रशिक्षण और अनुशासन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
read more : गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में विवाद: कुलपति ने साहित्यकार को कार्यक्रम से निकाला…
जंबूरी 2026 विवाद पर सरकार पर साधा निशाना
जंबूरी 2026 से जुड़े विवाद और इस मामले में हाई कोर्ट में दाखिल याचिका को लेकर भी सचिन पायलट ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा—“मुद्दा यह नहीं है कि भाजपा के किस नेता ने क्या किया। मुद्दा यह है कि यह जनता का पैसा है। बीजेपी ईमानदारी की दुहाई देती है, क्या यही उनकी ईमानदारी है?”
बिना टेंडर काम और भ्रष्टाचार का आरोप
सचिन पायलट ने आरोप लगाया कि—“बिना टेंडर खुले काम हो जाते हैं। सरकार को अपना ईगो छोड़कर इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। इनकी नाक के नीचे भ्रष्टाचार हो रहा है।” कांग्रेस ने इस मुद्दे पर सरकार से जांच की मांग करते हुए इसे जनता के पैसे से जुड़ा गंभीर मामला बताया।
