मुख्यमंत्री साय का दो दिवसीय गुजरात दौरा: रायपुर एयरपोर्ट के नए शासकीय हैंगर का किया लोकार्पण
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दो दिवसीय गुजरात दौरे पर रवाना हुए। रवाना होने से पहले उन्होंने रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में बने नए शासकीय स्टेट हैंगर का शुभारंभ किया। हैंगर के लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री साय ने इसी से अपने गुजरात प्रवास की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वे गुजरात में इन्वेस्टर्स कनेक्ट मीट, भारत पर्व 2025, और केवड़िया में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के दर्शन करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह दौरा विकास और निवेश के नए अवसरों को समझने तथा छत्तीसगढ़ में लागू करने की दिशा में एक अहम कदम है।
6.50 करोड़ की लागत से बना हैंगर, यात्रियों को मिलेगी राहत
राजधानी रायपुर में स्थित यह स्टेट हैंगर वर्ष 2012 में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा लगभग 6.50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया था। इसके संचालन के लिए आवश्यक DGCA और BCAS की मंजूरियां हाल ही में 31 अक्टूबर 2025 को मिली हैं।
अब इसके नियमित परिचालन से एयरपोर्ट पर वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान आम यात्रियों को होने वाली असुविधा समाप्त होगी। नया हैंगर टैक्सी वे ‘E’ के माध्यम से एयरपोर्ट रनवे से जोड़ा गया है, जिससे वीवीआईपी विमानों की आवाजाही और भी सुगम और व्यवस्थित होगी। राज्य सरकार के विमानों और हेलीकॉप्टरों के रखरखाव के लिए भी अब यही हैंगर उपयोग में लाया जाएगा।
गुजरात में निवेश नीति और योजनाओं का अध्ययन करेंगे सीएम साय
मुख्यमंत्री साय अपने गुजरात दौरे के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और गुजरात की इन्वेस्टमेंट पॉलिसी, जन शिकायत डैशबोर्ड सिस्टम, और विकास योजनाओं का अवलोकन करेंगे। वे NAMTECH ग्लोबल स्किल कॉलेज भी जाएंगे।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम साबरमती रिवरफ्रंट पर लंच, एकता प्रकाश पर्व में शामिल होने और केवड़िया में रात्रि विश्राम का है। 11 नवंबर को वे इन्वेस्टर्स कनेक्ट मीट में हिस्सा लेंगे और गुजरात के उद्योगपतियों से वन-टू-वन मुलाकात करेंगे।
