CM मोहन यादव बोले- ‘बुंदेलखंड पंजाब-हरियाणा को पीछे छोड़ेगा’, पन्ना में 184 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण
पन्ना में बृहस्पति कुंड पर 8 करोड़ से बना ग्लास फ्लोर और व्यू प्वाइंट, 35 लाख पेंशन हितग्राहियों को 210 करोड़ ट्रांसफर, UCC पर बड़ा बयान
पन्ना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 24 जुलाई को पन्ना के होमगार्ड मैदान में आयोजित कार्यक्रम में 184.83 करोड़ रुपये की लागत के कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने 35 लाख से अधिक पेंशन हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक से 210 करोड़ से अधिक की राशि ट्रांसफर की। इससे पहले सीएम ने श्री जुगल किशोर मंदिर जाकर विधि-विधान से पूजा की।
बुंदेलखंड की समृद्धि का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड की धरती सर्वश्रेष्ठ है और यह महाराज छत्रसाल, आल्हा-ऊदल की धरती है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के संकल्प के अनुसार अंतर्राज्यीय केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना की शुरुआत की गई है, जिसमें केंद्र सरकार 90 प्रतिशत राशि देगी। सीएम ने कहा, “खेती के मामले में यह क्षेत्र अब पंजाब और हरियाणा को पीछे छोड़ेगा।”
ग्लास फ्लोर और व्यू प्वाइंट का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने पन्ना के बृहस्पति कुंड पर 8 करोड़ की लागत के सौंदर्यीकरण के तहत ग्लास फ्लोर और व्यू प्वाइंट सहित अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इससे पन्ना के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और देश-विदेश के लोग इसे देखने आएंगे। उन्होंने कहा कि भारत के पर्यटकों को अन्य देशों में जाने की आवश्यकता नहीं है।
अन्य घोषणाएं
– सांदीपनि विद्यालय: गुन्नौर और पवई में 74 करोड़ रुपये की लागत के 2 सांदीपनि विद्यालय शामिल हैं।
– पन्ना मेडिकल कॉलेज: अगले साल लोकार्पण किया जाएगा।
– रोजगार: पुलिस विभाग में 10 हजार नए पद मंजूर किए गए हैं, प्रदेश में कुल 1 लाख से अधिक पदों पर भर्ती हुई है।
– दूध उत्पादन: राज्य में 12 प्रतिशत दूध उत्पादन को बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य।
समान नागरिक संहिता पर बयान
मुख्यमंत्री ने UCC को लेकर कहा कि जगदीशपुर में कैबिनेट बैठक कर एक समान कानून लागू करने के लिए विधेयक पारित किया गया है। उन्होंने कहा, “अगर राम एक विवाह करेगा तो रहीम को भी एक ही शादी करनी पड़ेगी। अब तलाक सिर्फ कोर्ट के माध्यम से ही होगा।” उन्होंने कहा कि UCC से मुस्लिम बहनों को भी तलाक के मामलों में राहत मिलेगी।
Read more-
MP सरकार का अतिथि शिक्षकों को बड़ा तोहफा, 90% उपस्थिति की अनिवार्यता हटी, री-जॉइनिंग में मिली राहत
