Chhattisgarh Morning News: सुशासन की पहल, जल्द शुरू होगी CM हेल्पलाइन, बढ़ती गर्मी ने बढ़ाई चिंता, मेडिकल दुकानें बंद
Chhattisgarh Morning News: सरकार की नई हेल्पलाइन व्यवस्था से जनता को मिलेगी राहत, वहीं गर्मी और लू ने बढ़ाई चिंता
Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में आज दवा दुकानें बंद रहने वाली हैं, वहीं सरकार जनता की शिकायतों के समाधान के लिए नई CM हेल्पलाइन शुरू करने जा रही है। सुशासन तिहार, मुख्यमंत्री के औचक निरीक्षण और बढ़ती गर्मी के बीच कई बड़ी खबरें सामने आई हैं। आखिर क्यों हो रहा मेडिकल बंद और प्रदेश में मौसम को लेकर क्या है नया अलर्ट? पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में आज मेडिकल दुकानें बंद
ई-कॉमर्स कंपनियों द्वारा ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में आज पूरे छत्तीसगढ़ में मेडिकल दुकानें बंद रहेंगी। छत्तीसगढ़ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने इस बंद का आह्वान किया है।
इस आंदोलन को चेंबर ऑफ कॉमर्स, कैट और कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ का भी समर्थन मिला है। बंद के दौरान रिटेल और होलसेल दोनों प्रकार की दवा दुकानें बंद रहेंगी।
व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री से स्थानीय मेडिकल व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। साथ ही बिना पर्याप्त निगरानी के दवाइयों की बिक्री मरीजों के स्वास्थ्य के लिए जोखिम पैदा कर सकती है।
जल्द शुरू होगी CM हेल्पलाइन सेवा
छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में जल्द ही CM हेल्पलाइन सेवा शुरू करने जा रही है। इस सेवा के तहत लोग टोल फ्री नंबर 1076 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायतों के समाधान के लिए चार स्तरीय सिस्टम तैयार किया जाएगा ताकि हर समस्या का समय पर निपटारा हो सके।
सरकार का लक्ष्य है कि एक सप्ताह के भीतर शिकायतों का समाधान किया जाए। खास बात यह है कि हर शिकायत की ऑनलाइन ट्रैकिंग भी होगी, जिससे लोगों को अपनी शिकायत की स्थिति की पूरी जानकारी मिलती रहेगी। इसके अलावा नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी भी इसी हेल्पलाइन के माध्यम से दी जाएगी।
सुशासन तिहार में सुनी जा रही जनता की समस्याएं
प्रदेश में इन दिनों सुशासन तिहार अभियान जारी है। सभी जिलों में शिविर लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और मौके पर समाधान की कोशिश की जा रही है।
यह अभियान 10 जून तक चलेगा। सरकार का दावा है कि इस कार्यक्रम के जरिए प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कर रहे औचक निरीक्षण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय लगातार जिलों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा ले रहे हैं। वे औचक निरीक्षण कर योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं ताकि जनता की समस्याओं का जल्द समाधान हो सके और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
बारिश से मिली राहत, लेकिन बढ़ेगी गर्मी
छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हल्की बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना जताई है।
इसके साथ ही अगले पांच दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में लू चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बिलासपुर रहा सबसे गर्म जिला
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दुर्ग में 42.2 डिग्री, रायपुर में 41.9 डिग्री, अंबिकापुर में 41.1 डिग्री और जगदलपुर में 38.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।
