Chhattisgarh Morning News : दही हांडी प्रतियोगिता, नेशनल कराते चैंपियनशिप और स्कूल एडमिशन की बड़ी अपडेट
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: आज राजधानी रायपुर में दही हांडी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। गुढ़ियारी के श्रीनगर स्थित अवधपुरी मैदान में होने वाली इस विशाल प्रतियोगिता में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शाम 6:30 बजे शामिल होंगे। आयोजन स्थल पर हजारों लोगों के जुटने की संभावना है।
रायपुर में आज से नेशनल कराते चैंपियनशिप की शुरुआत
राजधानी रायपुर में आज से तीन दिवसीय नेशनल कराते चैंपियनशिप 2025 शुरू हो रही है। यह आयोजन ऑल इंडिया कराते डू फेडरेशन (AIKF) के तत्वावधान और छत्तीसगढ़ कराते संघ के सहयोग से हो रहा है। चैंपियनशिप का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार शाम 4 बजे अग्रसेन धाम, लाभांडी में करेंगे। इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल अध्यक्षता करेंगे और खेल मंत्री टंक राम वर्मा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
छत्तीसगढ़ कराते संघ के अध्यक्ष विजय अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश में पहली बार अधिकृत नेशनल कराते प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देशभर से लगभग 1,000 खिलाड़ी, कोच और मैनेजर शामिल होंगे। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार, राजस्थान, केरल, तेलंगाना, कर्नाटक, असम, गुजरात, महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश की टीमें भाग ले रही हैं। खिलाड़ियों के लिए आवास और भोजन की व्यवस्था अग्रसेन धाम में की गई है।
CGBSE स्कूलों में 9वीं से 12वीं तक एडमिशन की अंतिम तिथि बढ़ी
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) से मान्यता प्राप्त हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब विद्यार्थी 18 अगस्त तक एडमिशन ले सकेंगे।
पहले अंतिम तारीख 16 अगस्त तय थी, लेकिन जन्माष्टमी और रविवार की छुट्टी की वजह से इसे 18 अगस्त तक बढ़ाया गया है। मंडल सचिव ने निर्देश दिए हैं कि स्कूल प्राचार्य एडमिशन से पहले विद्यार्थियों की पात्रता की जांच जरूर करें। किसी भी अपात्र छात्र को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ का मौसम अपडेट
बारिश के बावजूद प्रदेश में उमस से राहत नहीं मिल रही है। फिलहाल मानसून कमजोर स्थिति में है। आज कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। वहीं 18 अगस्त को बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसका असर खासकर दक्षिण छत्तीसगढ़ में देखने को मिल सकता है।
