Chhattisgarh Dhan Kharidi Update: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की तारीख बढ़ेगी? कांग्रेस विधायक ने उठाई किसानों की बड़ी मांग
Chhattisgarh Dhan Bonus 2025
Chhattisgarh Dhan Kharidi Update: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर एक बार फिर सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। बिलासपुर जिले के कोटा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव ने धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने और उपार्जन केंद्रों की खरीदी सीमा दोगुनी करने की मांग करते हुए कलेक्टर को पत्र लिखा है। विधायक ने किसानों को हो रही परेशानियों का हवाला देते हुए तत्काल राहत देने की अपील की है।
खरीदी लिमिट कम, किसान परेशान
कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव ने पत्र में बताया कि कोटा विधानसभा क्षेत्र के रतनपुर, केंदा, बेलगहना, मिट्ठूनवागांव, धूमा, नगचुई, चपोरा, पोड़ी, पचरा और करगीकला स्थित धान उपार्जन केंद्रों में निर्धारित खरीदी सीमा बेहद कम है। वर्तमान सीमा क्षेत्र के किसानों के पास मौजूद शेष धान के मुकाबले नाकाफी साबित हो रही है।
उन्होंने कहा कि धान बेचने के लिए अब सिर्फ 10 दिन का समय बचा है, जबकि लगभग 25 प्रतिशत किसानों का धान अब तक नहीं बिक पाया है। कम खरीदी लिमिट के कारण किसानों को टोकन मिलने में दिक्कतें आ रही हैं और कई किसान समय पर अपनी उपज बेचने से वंचित रह जा रहे हैं।
कलेक्टर को लिखा पत्र, सीमा दोगुनी करने की मांग
अटल श्रीवास्तव ने कलेक्टर को भेजे पत्र में कहा कि इस वर्ष किसानों ने मेहनत से अच्छी पैदावार की है, लेकिन खरीदी सीमा कम होने से उन्हें आर्थिक नुकसान, अतिरिक्त श्रम और समय की बर्बादी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते खरीदी सीमा नहीं बढ़ाई गई, तो यह अन्नदाता किसानों के हितों के खिलाफ होगा और किसान हितैषी नीतियों पर भी सवाल खड़े करेगा।
विधायक ने जिले के सभी संबंधित धान उपार्जन केंद्रों की खरीदी सीमा दोगुनी करने और धान खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है, ताकि कोई भी किसान अपनी उपज बेचने से वंचित न रह जाए।
