Chhattisgarh Congress on Amit Shah: अमित शाह के नक्सल बयान पर कांग्रेस का पलटवार, झीरम शहीदों के अपमान का आरोप

Chhattisgarh Congress on Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान दिए गए नक्सलवाद संबंधी बयान पर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। अमित शाह द्वारा भूपेश बघेल सरकार पर नक्सलियों को संरक्षण देने के आरोप के बाद कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस का कहना है कि यह बयान झीरम घाटी हत्याकांड में शहीद हुए नेताओं और जवानों का अपमान है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि अमित शाह वही नेता हैं जिन्होंने अपने कार्यकाल में भूपेश सरकार के नक्सल विरोधी प्रयासों की सार्वजनिक रूप से सराहना की थी। अब उसी सरकार पर नक्सलियों को संरक्षण देने का आरोप लगाना न केवल राजनीतिक द्वेष को दर्शाता है, बल्कि शहीदों की कुर्बानी को भी ठेस पहुंचाता है।

पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने अमित शाह के बयान को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में माओवाद पर प्रभावी नियंत्रण किया गया। झीरम घाटी जैसी बड़ी घटनाएं भाजपा शासन के दौरान हुईं। कांग्रेस सरकार ने बस्तर क्षेत्र में आदिवासियों को रोजगार, जल-जंगल-जमीन का अधिकार और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया, जिसका लाभ आज की सरकार को मिल रहा है।

वहीं, राज्य सरकार ने अमित शाह के बयान का समर्थन किया है। कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि जब-जब कांग्रेस सत्ता में आई, नक्सलियों को संरक्षण मिला। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार नक्सलवाद के पूर्ण खात्मे के लिए प्रतिबद्ध है और 31 मार्च 2026 से पहले यह लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि अमित शाह ने नवा रायपुर में आयोजित एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कम्युनिस्ट विचारधारा को “विनाशकारी” बताया और कहा कि लोकतांत्रिक राजनीति में अब इसका कोई भविष्य नहीं है। उन्होंने नक्सलियों से हथियार डालने की अपील करते हुए कहा कि आत्मसमर्पण करने वालों का सरकार “लाल कालीन” बिछाकर स्वागत करेगी।

अमित शाह के इस बयान के बाद छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद और राजनीतिक जिम्मेदारी को लेकर नई बहस छिड़ गई है।

Youthwings