Chhattisgarh Congress: दिल्ली क्यों जा रहे छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी विधायक? भूपेश बघेल और दीपक बैज भी होंगे शामिल

Chhattisgarh Congress: छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के साथ तमाम कांग्रेस विधायक अचानक दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। दिल्ली में होने वाली एक महत्वपूर्ण बैठक और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन के राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन में ये सभी नेता शामिल होंगे। जानिए इस अचानक हुए दौरे के पीछे की पूरी अंदरूनी कहानी।

दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की एक अहम बैठक और ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए छत्तीसगढ़ के कांग्रेस विधायक राजधानी रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। रायपुर एयरपोर्ट पर पार्टी के बड़े नेताओं और विधायकों के जुटने का सिलसिला शुरू हो गया था।

दिल्ली रवाना होने वाले नेताओं में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ-साथ कई विधायक शामिल हैं। एयरपोर्ट पर पहुंचने वाले प्रमुख विधायकों में रामकुमार यादव, संदीप साहू, विक्रम मांडवी, व्यास कश्यप, इंद्र साव और चातुरी नंद प्रमुख रूप से शामिल रहे।

इस अचानक हुए दौरे के पीछे मुख्य रूप से दो बड़ी वजहें हैं। पहली यह कि सोमवार को ‘इंडिया’ गठबंधन की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन और पैदल मार्च आयोजित किया गया है, जिसमें छत्तीसगढ़ के नेता भी शामिल होंगे। दूसरी वजह यह है कि इस प्रदर्शन से पहले पार्टी मुख्यालय में छत्तीसगढ़ के विधायकों और वरिष्ठ नेताओं की एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी।

Youthwings