CGPSC राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2024 का परिणाम घोषित: 643 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए चयनित

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा (मुख्य) परीक्षा 2024 के परिणाम की घोषणा कर दी है। परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.cg.gov.in पर उपलब्ध कराया गया है। इस परीक्षा में कुल 643 उम्मीदवारों को प्रावधिक आधार पर साक्षात्कार (इंटरव्यू) के लिए चुना गया है।

 

आयोग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य सेवा परीक्षा 2024 के अंतर्गत 17 सेवाओं के लिए कुल 246 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम के आधार पर 3737 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए चयनित किया गया था। मुख्य परीक्षा का आयोजन 26 से 29 जून 2025 तक सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

 

मुख्य परीक्षा में वर्गवार एवं उपवर्गवार निर्धारित न्यूनतम अर्हकारी अंक हासिल करने वाले उम्मीदवारों की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए 643 अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के लिए किया गया है। चयनित उम्मीदवारों को सेवाओं के लिए ऑनलाइन अग्रमान्यता (preference form) भरना अनिवार्य होगा, जिसकी तिथि आयोग द्वारा अलग से अधिसूचित की जाएगी।

 

साक्षात्कार 10 नवंबर से शुरू

आयोग के अनुसार, साक्षात्कार प्रक्रिया 10 नवंबर से 20 नवंबर 2025 तक चलेगी। यह आयोजन छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग कार्यालय, नवा रायपुर (नॉर्थ ब्लॉक, सेक्टर-19, अटल नगर) में होगा।

 

साथ ही, दस्तावेज सत्यापन की तिथि और समय भी निर्धारित कर दिए गए हैं। चयनित उम्मीदवारों को साक्षात्कार से एक दिन पूर्व अपने मूल दस्तावेजों का सत्यापन कराने के लिए आयोग कार्यालय में उपस्थित होना जरूरी है। दस्तावेज सत्यापन नहीं कराने वाले उम्मीदवारों को साक्षात्कार में भाग लेने की अनुमति नहीं मिलेगी।

 

प्रथम पाली: दस्तावेज सत्यापन सुबह 9:30 बजे, अभ्यर्थी 9:00 बजे तक उपस्थित रहें।

द्वितीय पाली: दस्तावेज सत्यापन दोपहर 1:30 बजे, अभ्यर्थी 1:00 बजे तक उपस्थित रहें।

 

आयोग ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आगे की प्रक्रिया से संबंधित नवीनतम अपडेट के लिए नियमित रूप से वेबसाइट www.psc.cg.gov.in का अवलोकन करते रहें।

Youthwings