25 हजार फॉलोअर्स होंगे तभी कहलाओगे मंडल अध्यक्ष! BJP विधायक महेंद्र यादव का वीडियो वायरल
शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के विधायक महेंद्र यादव का एक बयान इन दिनों गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। भाजपा की मासिक बैठक के दौरान विधायक ने संगठन के पदाधिकारियों के लिए सोशल मीडिया फॉलोअर्स को लेकर बकायदा एक कड़ा लक्ष्य तय कर दिया है।
सोशल मीडिया फॉलोअर्स पर दिया विवादित बयान
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में विधायक महेंद्र यादव कहते नजर आ रहे हैं कि संगठन में काम करने वाले मंडल अध्यक्षों के कम से कम 25 हजार फॉलोअर्स होने चाहिए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि जिस मंडल अध्यक्ष के 25 हजार फॉलोअर्स होंगे, वही असल मायने में मंडल अध्यक्ष कहलाने के लायक है।
बूथ स्तर तक तय किए गए टारगेट
विधायक यादव ने सिर्फ मंडल अध्यक्षों पर ही बस नहीं किया, बल्कि संगठन के निचले स्तर तक फॉलोअर्स का पैमाना तय कर दिया:
मंडल अध्यक्ष: 25,000 फॉलोअर्स
शक्ति केंद्र प्रभारी: 5,000 फॉलोअर्स
बूथ अध्यक्ष: 1,000 फॉलोअर्स
विधायक ने स्पष्ट किया कि संगठन की अगली बैठक में इस बात की बाकायदा समीक्षा की जाएगी कि किस पदाधिकारी ने अपना लक्ष्य पूरा किया है और किसने नहीं।
पीएम मोदी का दिया उदाहरण
अपने इस फरमान के पीछे का तर्क देते हुए विधायक महेंद्र यादव ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोशल मीडिया कद का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, “जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 100 मिलियन फॉलोअर्स हो सकते हैं, तो हमारे भी फॉलोअर्स होने चाहिए।”
सियासी गलियारों में उठे सवाल
भाजपा की अंदरूनी बैठक का यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर सामने आया, वैसे ही राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं। अब स्थानीय राजनीति में यह सवाल जोर-शोर से उठ रहा है कि क्या अब भाजपा संगठन में किसी कार्यकर्ता की सक्रियता, निष्ठा और पद की पात्रता का पैमाना सोशल मीडिया के फॉलोअर्स की संख्या से तय होगा?
