बालाघाट में 2 माह की गर्भवती और पति को निर्वस्त्र कर पीटा, खाट पर पीड़िता को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीण; SP ने लिया बड़ा एक्शन
बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से पुलिसिया बर्बरता का रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिस महकमे को कटघरे में खड़ा कर दिया है। किरनापुर थाना पुलिस पर एक 2 माह की गर्भवती महिला और उसके पति को चोरी के शक में निर्वस्त्र कर डंडों और चमड़े के बेल्ट से बेरहमी से पीटने का गंभीर आरोप लगा है। सोमवार को जब असहनीय पीड़ा से अधमरी हो चुकी पीड़िता को परिजन खाट पर लिटाकर न्याय की गुहार लगाने कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे, तो प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) आदित्य मिश्रा ने तत्काल एक्शन लेते हुए थाना प्रभारी सहित 4 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है और जांच के लिए महिला एसआईटी (SIT) गठित कर दी है।
चोरी के झूठे शक में थर्ड डिग्री
किरनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम टिमकीटोला निवासी पीड़ित कैलाश चौधरी ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि 2 सितंबर को स्थानीय पोस्ट ऑफिस में चोरी की वारदात हुई थी। किसी तीसरे व्यक्ति द्वारा महज शक जताए जाने पर किरनापुर पुलिस उनके घर में जबरन घुसी और उन्हें व उनकी 30 वर्षीय पत्नी सावित्री चौधरी को थाने उठा लाई।
निजी अंगों पर भी दीं गंभीर चोटें
पीड़ित दंपत्ति का आरोप है कि थाने के भीतर दोनों को अलग-अलग कमरों में बंद कर दिया गया। पुलिसकर्मियों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें निर्वस्त्र किया और पट्टों व डंडों से अंधाधुंध पीटा। यही नहीं उनके निजी अंगों पर भी वार किए गए, जिससे दोनों बेहोश हो गए। 2 माह की गर्भवती महिला के गिड़गिड़ाने के बावजूद पुलिसकर्मियों का दिल नहीं पसीजा और वे उससे जबरन चोरी का जुर्म कबूल करवाने का दबाव बनाते रहे। बाद में किसी से शिकायत करने पर फर्जी मुकदमों में फंसाकर गांव से बाहर फेंकने की धमकी देकर उन्हें छोड़ा गया।
पांच दिन घर में तड़पती रही पीड़िता, खाट पर कलेक्ट्रेट पहुंचे तो मचा बवाल
अमानवीय प्रताड़ना के बाद गंभीर रूप से घायल महिला पिछले पांच दिनों से अपने घर में बिस्तर पर तड़प रही थी। जब इस दिल दहला देने वाली घटना की जानकारी पूर्व सैनिक तोमेश्वर राहंगडाले और स्थानीय ग्रामीणों को हुई, तो उनका आक्रोश फूट पड़ा। सोमवार को सैकड़ों ग्रामीण घायल महिला को खाट पर लादकर सीधे कलेक्ट्रेट पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए दोषियों पर कार्रवाई व मुआवजे की मांग की। हालात बेकाबू होते देख डिप्टी कलेक्टर राहुल नायक मौके पर पहुंचे और तत्काल एंबुलेंस बुलाकर महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
एसपी पहुंचे अस्पताल, टीआई समेत 4 निलंबित; महिला SIT को सौंपी जांच
घटना की जानकारी मिलते ही बालाघाट एसपी आदित्य मिश्रा जिला अस्पताल पहुंचे और पीड़ित दंपत्ति का हाल जाना। एसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए किरनापुर के तत्कालीन थाना प्रभारी, दो पुरुष आरक्षकों और एक महिला आरक्षक सहित कुल चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया। एसपी ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि इस मामले की जांच एक विशेष महिला एसआईटी को सौंपी गई है जो 7 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट देगी, जिसके आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों पर आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
