Coldplay Concert : एस्ट्रोनॉमर की HR हेड ने भी छोड़ा पद, CEO पहले ही दे चुके हैं इस्तीफा

टेक्नोलॉजी कंपनी एस्ट्रोनॉमर की चीफ पीपल ऑफिसर (HR हेड) क्रिस्टिन कैबोट ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। यह फैसला उस वायरल वीडियो के बाद सामने आया है जिसमें वे कंपनी के तत्कालीन CEO एंडी बायरन के साथ रोमांटिक अंदाज़ में नजर आ रही थीं। वीडियो बैंड कोल्डप्ले के ‘म्यूजिक ऑफ द स्फियर्स’ वर्ल्ड टूर के 18 जुलाई को हुए बोस्टन कॉन्सर्ट का है।

इससे पहले कंपनी ने क्रिस्टिन कैबोट को छुट्टी पर भेज दिया था और CEO एंडी बायरन ने इस्तीफा दे दिया था। अब कंपनी के को-फाउंडर और चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर पीट डेजॉय को अंतरिम CEO नियुक्त किया गया है। एस्ट्रोनॉमर ने 19 जुलाई को अपने X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर इन बदलावों की जानकारी दी और इस पूरे मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है।

कॉन्सर्ट में क्या हुआ था?

बैंड के लीड सिंगर क्रिस मार्टिन द्वारा ‘किस कैम’ सेगमेंट के दौरान कैमरा जब दर्शकों की भीड़ में एंडी बायरन और क्रिस्टिन कैबोट पर गया, तो दोनों को एक-दूसरे की बाहों में लिपटा हुआ पाया गया। स्क्रीन पर नजर आने के बाद दोनों असहज दिखे और चेहरा छुपाने की कोशिश की। इस पर क्रिस मार्टिन ने मजाक में कहा, “अरे, इन दोनों को देखो! या तो इनका अफेयर है या ये बहुत शर्मीले हैं।”

सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे टिकटॉक, रेडिट और X पर इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। यूजर्स ने इसे धोखाधड़ी और गैर-जिम्मेदाराना करार दिया, क्योंकि एंडी बायरन शादीशुदा हैं और उनके दो बच्चे हैं। लोगों ने उनकी पत्नी मेगन केरिगन बायरन के लिए सहानुभूति जताई।

कौन हैं एंडी बायरन और क्रिस्टिन कैबोट?

  • एंडी बायरन जुलाई 2023 से एस्ट्रोनॉमर के CEO थे। वे पहले Lesswork, Cybereason और कई अन्य टेक कंपनियों में वरिष्ठ पदों पर रह चुके हैं।
  • क्रिस्टिन कैबोट नवंबर 2024 में एस्ट्रोनॉमर में शामिल हुई थीं। उन्होंने HR और बिजनेस स्ट्रैटेजी को जोड़ने की वकालत की थी।

एस्ट्रोनॉमर क्या है?

एस्ट्रोनॉमर एक अमेरिकी टेक कंपनी है जो Apache Airflow पर आधारित डेटा ऑर्केस्ट्रेशन प्लेटफॉर्म प्रदान करती है। यह कंपनियों को डेटा पाइपलाइन डिजाइन, वर्कफ्लो मैनेजमेंट, और डेटा एनालिटिक्स में सहायता करती है। इसकी वैल्यूएशन 1.3 बिलियन डॉलर (₹11,204 करोड़) से अधिक है।

 

Youthwings