Parliament Monsoon Session 2025: बिहार वोटर वेरिफिकेशन पर विपक्ष का हंगामा… पोस्टर फाड़े, मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी
Parliament Monsoon Session 2025: संसद के मानसून सत्र 2025 का आज पांचवां दिन भी हंगामेदार रहा। जैसे ही लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, विपक्षी सांसदों ने बिहार में वोटर वेरिफिकेशन (SIR – स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी नेताओं ने नारेबाजी करते हुए सदन में हंगामा किया और बेल में आ गए। इसके चलते पहले कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक, फिर 2 बजे तक और अंततः सोमवार तक स्थगित कर दी गई।
बिहार मुद्दे को लेकर विपक्षी सांसदों ने गांधी प्रतिमा से लेकर नए संसद भवन के प्रवेश द्वार मकर द्वार तक पैदल मार्च निकाला। इस मार्च में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे प्रमुख नेता भी शामिल रहे। मकर द्वार पर प्रदर्शन करते हुए उन्होंने SIR लिखे पोस्टर फाड़कर प्रतीकात्मक डस्टबिन में फेंके और “मोदी सरकार हाय-हाय” के नारे लगाए।
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह गरीबों को मतदान के अधिकार से वंचित करना चाहती है और सिर्फ एलीट वर्ग को वोट देने देना चाहती है। उन्होंने कहा, “SIR के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी।”
SIR (Special Intensive Revision) के नाम पर बिहार में वोट चोरी की जा रही है, जनता के मताधिकार छीने जा रहे हैं।
आज INDIA गठबंधन के सांसदों ने SIR लिखे पोस्टर को फाड़कर इसका बहिष्कार किया।
📍संसद परिसर, दिल्ली pic.twitter.com/7Vx6uiL3WV
— Congress (@INCIndia) July 25, 2025
