Akanksha Toppo FIR: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो फिर विवादों में, भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

Akanksha Toppo FIR: रामानुजगंज में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गई हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि आकांक्षा टोप्पो ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर छत्तीसगढ़ सरकार के वरिष्ठ मंत्री रामविचार नेताम को लेकर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी की है।

भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियां न केवल जनप्रतिनिधियों की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि समाज में वैमनस्य और तनाव का माहौल भी पैदा करती हैं। इसी को लेकर कार्यकर्ता रामानुजगंज थाने पहुंचे और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पुलिस से मामले में तत्काल जांच और आवश्यक कानूनी कदम उठाने की अपील की है।

यह पहला मौका नहीं है जब आकांक्षा टोप्पो विवादों में आई हों। इससे पहले भी उन पर छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लग चुका है। उस मामले में सीतापुर पुलिस ने भाजपा महिला मोर्चा की लिखित शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की थी और उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था।

गिरफ्तारी के दौरान आकांक्षा टोप्पो ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष माफी भी मांगी थी। बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। जमानत के बाद आकांक्षा टोप्पो ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उन्होंने अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। उन्होंने यह भी कहा था कि जिस वीडियो के कारण उनकी गिरफ्तारी हुई, उसे वह सोशल मीडिया से नहीं हटाएंगी और न ही वीडियो बनाना बंद करेंगी।

फिलहाल रामानुजगंज पुलिस को दी गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Youthwings