खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 राजस्थान में 24 नवंबर से 5 दिसंबर तक, नए खेलों की शुरुआत
नई दिल्ली : पांचवां खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (KIUG) 2025 राजस्थान के सात शहरों—जयपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, कोटा और भरतपुर—में 24 नवंबर से 5 दिसंबर तक आयोजित होगा। इस 12-दिवसीय आयोजन में 23 मेडल स्पोर्ट्स और एक डेमोंस्ट्रेशन स्पोर्ट (खो-खो) शामिल होंगे, जिसमें 5,000 से अधिक एथलीट हिस्सा लेंगे। यह आयोजन भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU) के सहयोग से किया जा रहा है।
केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा, “खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स भारत के खेल परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण कदम है। विश्वविद्यालय विश्व स्तर पर चैंपियनों को तैयार करने में अहम भूमिका निभाते हैं। KIUG युवा एथलीटों को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है। राजस्थान में होने वाला यह आयोजन भारत की खेल विविधता को उजागर करेगा और वैश्विक मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने की आकांक्षा रखने वाले एथलीटों के लिए पहला कदम होगा।”
उन्होंने आगे कहा, “प्रधानमंत्री जी के दृष्टिकोण के अनुरूप, खेलो इंडिया पहल ने भागीदारी, प्रतिभा विकास और उत्कृष्टता को बढ़ावा देने वाला एक मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र बनाया है। ये गेम्स न केवल छात्रों को खेल और पढ़ाई को साथ लेकर चलने की प्रेरणा देंगे, बल्कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी मजबूत करेंगे।”
नए खेलों की शुरुआत
KIUG 2025 में पहली बार बीच वॉलीबॉल, कैनोइंग और कयाकिंग, तथा साइक्लिंग को मेडल स्पोर्ट्स के रूप में शामिल किया गया है। इसके अलावा, खो-खो को डेमोंस्ट्रेशन स्पोर्ट के तौर पर पेश किया जाएगा। मेडल स्पोर्ट्स की सूची में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, फेंसिंग, फुटबॉल, हॉकी, जूडो, कबड्डी, मल्लखंब, रग्बी, शूटिंग, तैराकी, टेबल टेनिस, टेनिस, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, योगासन के साथ-साथ नए खेल शामिल हैं।
पिछले गेम्स का प्रदर्शन
पिछले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स, जो पूर्वोत्तर भारत में आयोजित हुए थे, में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने पहला स्थान हासिल किया था। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, अमृतसर ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया था।
खेलो इंडिया के बारे में
खेलो इंडिया योजना, युवा मामले एवं खेल मंत्रालय की एक प्रमुख पहल है, जो प्रतिभा की पहचान और विकास के लिए एक मंच प्रदान करती है। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएँ ओलंपिक भावना के अनुरूप आयोजित की जाती हैं, जिसमें विभिन्न राष्ट्रीय खेल महासंघों और हितधारकों को शामिल किया जाता है। अब तक इसके 20 संस्करण आयोजित हो चुके हैं, जिसमें खेलो इंडिया यूथ गेम्स, यूनिवर्सिटी गेम्स, विंटर गेम्स, पैरा गेम्स, बीच गेम्स और वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल शामिल हैं।
