Rahul Gandhi PC: राहुल गांधी का चुनाव आयोग और BJP पर गंभीर आरोप, कहा – “वोट चोरी का मेरे पास सबूत है”

राहुल गांधी

राहुल गांधी

Rahul Gandhi PC: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और चुनाव आयोग को निशाने पर लिया है। गुरुवार, 18 सितंबर को हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और वोटरों के नाम जानबूझकर हटाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पास इससे जुड़ी ठोस जानकारी और सबूत मौजूद हैं।

राहुल गांधी ने कहा, “मैं जो कह रहा हूं, वह बहुत जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं। यह कोई छोटी बात नहीं है – हाइड्रोजन बम अभी आया नहीं है, लेकिन आने वाला है। यह युवाओं को दिखाएगा कि हमारे देश के चुनाव किस तरह हाईजैक किए जा रहे हैं।”

अलंद निर्वाचन क्षेत्र का मामला उठाया

राहुल गांधी ने कर्नाटक के अलंद विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां कम से कम 6018 वोट हटाने की कोशिश की गई थी। उन्होंने दावा किया कि यह संख्या और भी अधिक हो सकती है, लेकिन एक स्थानीय बूथ लेवल अधिकारी द्वारा मामला संयोगवश पकड़ में आया।

“उस अधिकारी को जब पता चला कि उसके चाचा का नाम वोटर लिस्ट से गायब है, तो उसने जांच की और पाया कि एक पड़ोसी के नाम से यह फॉर्म जमा किया गया था। जब उससे पूछा गया, तो उसे भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। इससे स्पष्ट है कि किसी और ताकत ने इस प्रक्रिया को हाईजैक कर लिया,” राहुल ने कहा।

स्टेज पर पेश किए प्रत्यक्ष उदाहरण

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कुछ लोगों को मंच पर बुलाया, जिनके नाम कथित रूप से वोटर लिस्ट से हटाए गए थे। एक व्यक्ति ने बताया कि उनके परिवार के 12 सदस्यों के नाम लिस्ट से हटा दिए गए, जबकि उन्होंने खुद ऐसा करने के लिए न किसी को कॉल किया और न कोई फॉर्म भरा।

राहुल ने एक और मामले का हवाला देते हुए कहा, “नागराज नाम के व्यक्ति के दो फॉर्म केवल 36 सेकंड में भर दिए गए। वह फोन, जिससे फॉर्म भरे गए, दूसरे राज्य से लाया गया था।”

“हाइडजैक हो रही है लोकतांत्रिक प्रक्रिया”

राहुल गांधी ने इन घटनाओं को देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ “खुले तौर पर छेड़छाड़” बताया और चुनाव आयोग से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वह इससे जुड़े और भी खुलासे करेंगे।

अपडेट जारी है…

Youthwings