Chhattisgarh Morning News: सीएम साय करेंगे इन्वेस्टर कनेक्ट का शुभारंभ, 28 जिलों में यलो अलर्ट, स्वास्थ्य विभाग में 500 पदों पर भर्ती, सिविल जज भर्ती परीक्षा एडमिट कार्ड जारी… पढ़ें अन्य बड़ी खबरें

Chhattisgarh Morning News: जगदलपुर में इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जगदलपुर में छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट का शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम में 200 से ज्यादा निवेशक और उद्योगपति शामिल होंगे। इससे बस्तर अंचल में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। सरकार का उद्देश्य है कि बस्तर में विकास की प्रक्रिया तेज हो और उसका सीधा लाभ वहां की जनता तक पहुंचे।

28 जिलों में यलो अलर्ट जारी
छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बलरामपुर, जांजगीर-चांपा, कोरबा, कोरिया और सूरजपुर को छोड़कर बाकी 28 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में अब तक 998.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो औसत का करीब 87.3% है।

स्वास्थ्य विभाग में 525 पदों पर भर्ती
स्वास्थ्य विभाग में स्टाफ नर्स, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (पुरुष/महिला), वार्ड बॉय और वार्ड आया सहित कुल 525 पदों पर भर्ती होगी। साथ ही, फार्मासिस्ट ग्रेड-2 के 25 पद भी भरे जाएंगे। व्यापमं द्वारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। खास बात यह है कि कोरोना काल में सेवाएं देने वाले अस्थायी स्वास्थ्य कर्मियों को चयन प्रक्रिया में 10 बोनस अंक का लाभ मिलेगा।

राज्य बाल कल्याण परिषद की आमसभा
छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद की वार्षिक आमसभा आज शांतिनगर स्थित विमतारा भवन में होगी। इसकी अध्यक्षता सांसद बृजमोहन अग्रवाल करेंगे। बैठक में वार्षिक प्रतिवेदन, ऑडिट रिपोर्ट और बजट अनुमोदन पर चर्चा होगी। साथ ही, बालगृह, आश्रय स्थल और विशेष विद्यालयों के संचालन से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा भी की जाएगी।

सिविल जज भर्ती परीक्षा 21 सितंबर को
सिविल जज (जूनियर डिवीजन) भर्ती परीक्षा 21 सितंबर को होगी। इसके लिए सीजीपीएससी ने एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग-भिलाई में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा 100 अंकों की होगी।

पितृ पक्ष पर सामूहिक श्राद्ध और पिंडदान
21 सितंबर को सर्वपितृ मोक्ष अमावस्या पर रायपुर स्थित समता कॉलोनी गायत्री शक्तिपीठ में सामूहिक श्राद्ध तर्पण और पिंडदान का आयोजन होगा। इसके लिए पंजीयन शुरू हो गया है। श्रद्धालुओं को सामग्री और व्यवस्था पंजीयन के आधार पर उपलब्ध कराई जाएगी।

छत्तीसगढ़ महिला क्रिकेट टीम की जीत
अहमदाबाद में खेले गए सीनियर वुमेंस इंटर स्टेट टी-20 अभ्यास मैच में छत्तीसगढ़ की महिला टीम ने गोवा को 5 विकेट से हराया। इससे पहले टीम ने हिमाचल प्रदेश को मात दी थी। गेंदबाजी में उर्मिला हरिना ने 4 और अदिति ने 3 विकेट लिए, जबकि ऐश्वर्या सिंह ने 24 रन की पारी खेलकर जीत सुनिश्चित की।

Youthwings