कर्मचारी से मारपीट का आरोप… बर्खास्तगी की मांग पर अड़ी कांग्रेस, आज बड़ा प्रदर्शन

CG News: छत्तीसगढ़ की सियासत इन दिनों वन मंत्री केदार कश्यप पर लगे मारपीट के आरोपों को लेकर गर्मा गई है। कांग्रेस पार्टी ने आज सोमवार को रायपुर में जोरदार विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे गांधी मैदान से जुलूस निकालकर मंत्री के बंगले का घेराव करेंगे और उनकी बर्खास्तगी की मांग करेंगे।

क्या है मामला?

जगदलपुर में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने मंत्री केदार कश्यप पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्मचारी का कहना है कि सर्किट हाउस में दरवाजा देर से खोलने को लेकर मंत्री ने उसके साथ मारपीट की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। पीड़ित ने मीडिया के सामने भी अपना बयान दिया था, जिसके बाद पूरे प्रदेश की राजनीति गरमा गई है।

कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

कांग्रेस ने इस मामले को जनता के सामने लाने और मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आज रायपुर में बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया है। कांग्रेस का कहना है कि जब तक मंत्री को बर्खास्त नहीं किया जाता, विरोध जारी रहेगा।

मंत्री और CM का जवाब

इस विवाद पर खुद मंत्री केदार कश्यप का बयान सामने आया है। उन्होंने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि यह कांग्रेस की राजनीतिक चाल है।

वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी मंत्री का बचाव किया और आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया। उनका कहना है कि कांग्रेस चुनावी हार के बाद जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।

Youthwings