Chhattisgarh Morning News: मुख्यमंत्री का सौर ऊर्जा अभियान में शामिल होना, कांग्रेस का घेराव, कृषि अधिकारियों की हड़ताल… पढ़ें दिनभर की बड़ी खबरें
Chhattisgarh Morning News
रायपुर | Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ की राजनीति और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी बड़ी खबरें आज सुबह से सुर्खियों में हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर में सौर ऊर्जा जागरूकता अभियान में शामिल होंगे, वहीं कांग्रेस मंत्री केदार कश्यप के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी। कृषि अधिकारी संघ संकेतिक हड़ताल पर रहेगा। इसके अलावा शहर में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
CM विष्णुदेव साय सौर ऊर्जा अभियान में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित सौर ऊर्जा जागरूकता अभियान और प्रोत्साहन समारोह में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा। तय कार्यक्रम के अनुसार, सीएम दोपहर 12:55 बजे मंत्रालय, महानदी भवन पहुंचेंगे और 1:00 बजे से शाम 6:30 बजे तक कार्यक्रम में व्यस्त रहेंगे। शाम 6:55 बजे वे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
कांग्रेस करेगी मंत्री केदार कश्यप के बंगले का घेराव
जगदलपुर सर्किट हाउस में एक कर्मचारी से मारपीट के आरोप को लेकर कांग्रेस आज मंत्री केदार कश्यप के बंगले का घेराव करेगी। दोपहर 12 बजे गांधी मैदान से यह विरोध मार्च शुरू होगा, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता हिस्सा लेंगे। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मंत्री ने कर्मचारी से बदसलूकी और मारपीट की थी।
विजय जांगिड़ का छत्तीसगढ़ दौरा
कांग्रेस के प्रभारी सचिव विजय जांगिड़ आज रायपुर पहुंचेंगे और सीधे बिलासपुर रवाना होंगे। यहां वे आगामी आमसभा “वोट चोर गद्दी छोड़” की तैयारियों का जायजा लेंगे। यह रैली कल आयोजित होगी। इसके बाद वे 10 सितंबर को दोपहर 3 बजे रायपुर से दिल्ली लौट जाएंगे।
कृषि अधिकारी संघ का संकेतिक हड़ताल
छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ अपनी नौ सूत्रीय मांगों को लेकर आज और कल संकेतिक हड़ताल पर रहेगा। संगठन के जिलाध्यक्ष आर. के. दास ने बताया कि प्रांतीय बैठक में लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन करने का फैसला लिया गया है। शासन-प्रशासन को इस बारे में ज्ञापन भी सौंपा गया है।
आज नहीं बिकेगा मांस-मटन
पर्युषण पर्व और उत्तम क्षमा पर्व के अवसर पर आज रायपुर नगर निगम क्षेत्र में मांस और मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नगरीय प्रशासन विभाग ने इसके लिए आदेश जारी किया है और निगम को निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। महापौर मीनल चौबे ने स्पष्ट कहा है कि अगर किसी होटल या ढाबे में मांस की बिक्री पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम
-
अभिवचन और सामूहिक क्षमायाचना: श्रीदिगम्बर जैन मंदिर पंचायत ट्रस्ट द्वारा सुबह 8 बजे दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर (मालवीय रोड) में।
-
श्रीमद्भागवत कथा: महाराष्ट्र मंडल भवन (चौबे कॉलोनी) में शाम 4 बजे से, कथा वाचन आचार्य धनंजय शास्त्री वैद्य करेंगे।
-
फोटोग्राफी प्रदर्शनी: रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित, प्रेस क्लब के सेंट्रल हॉल में दोपहर 3 बजे से शुरू होगी।
