गौमांस बिक्री के आरोप पर बवाल, युवती हिरासत में – मोहल्ले में पत्थरबाजी और लाठी डंडे चले, चार घायल
बिलासपुर। जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र के उड़ियापारा में उस समय तनाव फैल गया, जब एक युवती पर गौमांस बेचने का आरोप लगा। हिंदू संगठनों ने युवती का विरोध करते हुए हंगामा मचाया और कार्रवाई की मांग की। इस बीच युवती का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें वह गौमांस काटती दिखाई दे रही है। पुलिस ने तत्काल युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
विरोध प्रदर्शन के बीच बिगड़ा माहौल
गौमांस बिक्री के विरोध में जब हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन शुरू किया, तो मोहल्ले के कई लोग भी सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी हुई और फिर मामला हाथापाई में बदल गया। देखते ही देखते मोहल्ले के लोगों ने लाठी-डंडे और हथियार निकाल लिए और गौ-रक्षकों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस की तैनाती और हालात काबू में
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह ने सकरी, हिर्री और चकरभाठा थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजने के निर्देश दिए। पुलिस अफसरों ने पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को समझाइश देकर माहौल शांत करने की कोशिश की। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
युवती से पूछताछ जारी, मांस का सैंपल जब्त
डीएसपी डीआर टंडन ने बताया कि गौ-रक्षकों की शिकायत पर युवती और अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। विवाद के दौरान गौमांस को वहां से हटा दिया गया था, लेकिन पुलिस ने कुछ हिस्सा बरामद कर सैंपल के तौर पर जांच के लिए जब्त कर लिया है।
मोहल्ले वालों का दावा – गाय पहले से मृत थी
इधर मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने गाय की हत्या नहीं की थी। उनके अनुसार गाय पहले से मृत थी और मवेशी पालक ने उन्हें दे दी थी। वे केवल उसका मांस काट रहे थे, क्योंकि यही उनका पेशा है। मोहल्ले वालों का कहना है कि स्थानीय युवकों ने जानबूझकर इस मुद्दे को बढ़ाया और बवाल खड़ा कर दिया।
