कांग्रेस जिला अध्यक्ष की लड़ाई पहुंची दिल्लीः विरोध में AICC के बाहर धरने पर बैठे कार्यकर्ता
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस में जिला अध्यक्षों की नई नियुक्ति के बाद मचा सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला इंदौर का है, जहां नए जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े की नियुक्ति को लेकर कार्यकर्ताओं में गहरा असंतोष है। विरोध इतना बढ़ गया कि कार्यकर्ता दिल्ली तक पहुंच गए और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के दफ्तर के बाहर जमकर प्रदर्शन किया।
कांग्रेस दफ्तर के बाहर धरना
जानकारी के मुताबिक, बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे और विपिन वानखेड़े की नियुक्ति के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इंदौर जैसे बड़े जिले में बाहर के नेता को अध्यक्ष बना दिया गया है, जो स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय है। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता वानखेड़े को हटाने की मांग पर अड़े हुए हैं।
कई जिलों में विरोध की तस्वीर
इंदौर ही नहीं, बल्कि भोपाल, देवास और उज्जैन समेत कई जिलों में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर नाराजगी खुलकर सामने आ चुकी है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि संगठन में स्थानीय नेताओं की अनदेखी कर बाहरी चेहरों को थोपने से कांग्रेस की जड़ें कमजोर होंगी।
दिल्ली में चल रही ट्रेनिंग पर भी असर
संयोग से आज दिल्ली में मध्यप्रदेश कांग्रेस के जिला और शहर अध्यक्षों की ट्रेनिंग का कार्यक्रम चल रहा है। ऐसे में कार्यकर्ताओं का विरोध और प्रदर्शन पार्टी के अंदरूनी असंतोष को और उजागर कर रहा है। पार्टी आलाकमान के लिए यह स्थिति चुनौती बन गई है कि वह कार्यकर्ताओं की नाराजगी शांत करे और संगठन में समन्वय बनाए रखे।
