त्यौहारों सीजन में रेल सफर मुश्किल, देखें कौन-कौन सी ट्रेनें रहेंगी रद्द!
रायपुर। त्यौहारी सीजन में रेल यात्रियों को बड़ी परेशानी झेलनी पड़ेगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन परियोजना और विद्युतीकरण कार्य को लेकर 23 अगस्त से 27 अगस्त तक कई ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। इस दौरान 26 ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, जबकि 2 ट्रेनों का रूट बदला जाएगा और 3 ट्रेनों को आधे रास्ते पर ही रोक दिया जाएगा। रेलवे के इस निर्णय का असर छत्तीसगढ़ के साथ-साथ झारखंड और अन्य राज्यों के यात्रियों पर भी पड़ेगा।
क्यों रद्द की गई ट्रेनें?
रेलवे ने बताया कि बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच तीसरी और चौथी रेल लाइन का काम तेजी से चल रहा है। कुल 206 किलोमीटर में से अब तक 150 किलोमीटर से ज्यादा काम पूरा हो चुका है। इस बीच रायगढ़ के किरोड़ीमल नगर स्टेशन को चौथी लाइन से जोड़ने और रायगढ़-झारसुगुड़ा सेक्शन पर विद्युतीकरण का कार्य किया जाएगा। इसी वजह से तय तिथियों पर ट्रेन संचालन प्रभावित रहेगा।
23 से 27 अगस्त तक रद्द होने वाली प्रमुख ट्रेनें
- टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस (23 से 26 अगस्त)
- बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस (24 से 27 अगस्त)
- सांतरागाछी-पुणे (23 अगस्त), पुणे-सांतरागाछी (25 अगस्त)
- मुंबई-हावड़ा मेल (24 अगस्त)
- हटिया-पुणे एक्सप्रेस (25 अगस्त), पुणे-हटिया एक्सप्रेस (27 अगस्त)
- पूरी-जोधपुर (27 अगस्त), जोधपुर-पूरी (30 अगस्त)
- उदयपुर-शालीमार (23 अगस्त), शालीमार-उदयपुर (24 अगस्त)
- गया-कुर्ला (27 अगस्त), कुर्ला-गया (29 अगस्त)
- पोरबंदर-शालीमार (27 अगस्त), शालीमार-पोरबंदर (29 अगस्त)
- वास्को-द-गामा-जसीडीह (22 अगस्त), जसीडीह-वास्को-द-गामा (25 अगस्त)
- रक्सौल-हैदराबाद (24 अगस्त)
- कुर्ला-शालीमार (23, 25 और 26 अगस्त), शालीमार-कुर्ला (25, 27 और 28 अगस्त)
- रायगढ़-बिलासपुर मेमू व बिलासपुर-रायगढ़ मेमू (24 और 27 अगस्त को अलग-अलग शेड्यूल पर)
बदले गए रूट वाली ट्रेनें
- 23 अगस्त को हावड़ा-पुणे दूरंतो एक्सप्रेस झारसुगुड़ा, टिटलागढ़, लाखोली, रायपुर होकर जाएगी।
- 25 अगस्त को पुणे-हावड़ा दूरंतो एक्सप्रेस रायपुर, लाखोली, टिटलागढ़, झारसुगुड़ा होकर चलेगी।
आधे रास्ते पर खत्म होंगी ये ट्रेनें
- 24 से 27 अगस्त तक गोंदिया-झारसुगुड़ा पैसेंजर बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में रद्द रहेगी।
- 23, 25 और 26 अगस्त को निजामुद्दीन-रायगढ़ गोंडवाना एक्सप्रेस बिलासपुर तक ही जाएगी।
- 25, 27 और 28 अगस्त को रायगढ़-निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस बिलासपुर से ही चलेगी।
31 अगस्त से 15 सितंबर तक फिर रद्द रहेंगी कई ट्रेनें
रेलवे ने बताया कि 31 अगस्त से 15 सितंबर तक भी कई लंबी दूरी की ट्रेनें रद्द रहेंगी। इसमें टाटानगर-बिलासपुर, बिलासपुर-टाटानगर, टाटानगर-इतवारी, इतवारी-टाटानगर, सांतरागाछी-पुणे, कामाख्या-कुर्ला, हटिया-पुणे, पूरी-जोधपुर, उदयपुर-शालीमार, मालदा-सूरत, पोरबंदर-शालीमार, वास्को-द-गामा-जसीडीह, बिलासपुर-पटना, हावड़ा-मुंबई, कुर्ला-शालीमार समेत अन्य ट्रेनें शामिल हैं।
MEMU ट्रेनें भी प्रभावित
रायगढ़-बिलासपुर और बिलासपुर-रायगढ़ के बीच चलने वाली मेमू ट्रेनें भी 31 अगस्त से 15 सितंबर तक रद्द रहेंगी।
