Asia Cup 2025: सूर्यकुमार यादव कप्तान, शुभमन गिल उपकप्तान; BCCI ने घोषित की टीम इंडिया की स्क्वाड

Asia Cup 2025

Asia Cup 2025

Asia Cup 2025: टी20 एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। यूएई में 9 से 28 सितंबर तक होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए बीसीसीआई की सिलेक्शन कमिटी ने 15 सदस्यीय स्क्वाड का चयन किया है। कप्तानी की जिम्मेदारी सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई है, जबकि शुभमन गिल को उपकप्तान बनाया गया है।

शुभमन गिल की धमाकेदार वापसी

इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद शुभमन गिल की वापसी तय मानी जा रही थी। सिलेक्टर्स ने न सिर्फ उन्हें स्क्वाड में शामिल किया बल्कि उपकप्तानी भी सौंप दी। आईपीएल 2025 में भी गिल का प्रदर्शन शानदार रहा था। वहीं, टीम में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ओपनिंग करती नजर आएगी।

श्रेयस अय्यर बाहर, रिंकू सिंह को मौका

मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को सिलेक्शन कमिटी ने इस बार भी मौका नहीं दिया। उनकी जगह रिंकू सिंह को फिनिशर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। रिंकू का फॉर्म और दमदार हिटिंग क्षमता सिलेक्टर्स का भरोसा जीतने में सफल रही है।

पांच खिलाड़ी स्टैंडबाय पर

चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 5 खिलाड़ियों को स्टैंडबाय रखा गया है। इनमें पेसर प्रसिद्ध कृष्णा, ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर, बल्लेबाज रियान पराग, विकेटकीपर ध्रुव जुरेल और ओपनर यशस्वी जायसवाल शामिल हैं।

बॉलिंग यूनिट पर खास फोकस

यूएई की स्पिन फ्रेंडली पिचों को ध्यान में रखते हुए टीम में स्पिनर्स को अहमियत दी गई है। अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती स्पिन विभाग संभालेंगे। तेज गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के साथ युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा को शामिल किया गया है। ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या भी टीम का हिस्सा हैं।

भारत का शेड्यूल

टीम इंडिया ग्रुप ए में शामिल है, जिसमें पाकिस्तान, यूएई और ओमान की टीमें मौजूद हैं। भारत अपना पहला मैच 10 सितंबर को दुबई में यूएई के खिलाफ खेलेगा। हाई-वोल्टेज मुकाबला भारत-पाकिस्तान का 14 सितंबर को दुबई में होगा। वहीं, तीसरा लीग मैच 19 सितंबर को ओमान के खिलाफ अबूधाबी में होगा।

भारत की 15 सदस्यीय टीम (Asia Cup 2025)

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा, रिंकू सिंह

Youthwings