NHM कर्मचारियों के हित में बड़े निर्णय:वेतन वृद्धि, मेडिकल अवकाश, बीमा कवरेज और नई स्थानांतरण नीति लागू
रायपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) की कार्यकारिणी समिति की बैठक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव अमित कटारिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ एनएचएम कर्मचारी संघ की ओर से रखी गई मांगों पर विस्तृत चर्चा की गई और कई अहम फैसले लिए गए।
सबसे पहले वार्षिक कार्य मूल्यांकन (सीआर) प्रणाली में पारदर्शिता लाने पर सहमति बनी। अब जिन पदों के स्वीकारकर्ता अधिकारी मिशन संचालक होंगे, उन मामलों में अपील सुनवाई का अधिकार स्वास्थ्य विभाग के भारसाधक सचिव को मिलेगा। वहीं, जिला व विकासखंड स्तर पर अपील सीधे मिशन संचालक के समक्ष प्रस्तुत की जा सकेगी। अपीलीय अधिकारी को प्रतिकूल टिप्पणी या सेवा समाप्ति संबंधी आदेश को मान्य या निरस्त करने का अधिकार भी दिया गया।
30 दिन का सवैतनिक चिकित्सा अवकाश मिलेगा :
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि दुर्घटना या गंभीर बीमारी की स्थिति में कर्मचारियों को 30 दिन का सवैतनिक चिकित्सा अवकाश मिलेगा।
वेतन वृद्धि होंगी :
वेतन वृद्धि के मुद्दे पर समिति ने मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप सैद्धांतिक सहमति दी। इसके तहत जुलाई 2023 की स्थिति में कार्यरत संविदा कर्मचारियों को जुलाई 2023 से मार्च 2024 तक वेतन वृद्धि का लाभ मिलेगा। साथ ही, वित्तीय वर्ष 2024-25 में अतिरिक्त 5 प्रतिशत वेतन वृद्धि प्रदान करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
स्थान्तरण नीति लागू
इसके अलावा, स्थानांतरण और मानव संसाधन नीति में आंशिक संशोधन करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए एक राज्य स्तरीय समिति गठित की जाएगी, जो अन्य विभागों की नीतियों का अध्ययन कर तर्कसंगत सुझाव देगी।
10 लाख तक कैशलेस बीमा कवलेज मिलेगा
सबसे महत्वपूर्ण फैसला यह रहा कि कर्मचारियों को न्यूनतम 10 लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा कवरेज उपलब्ध कराया जाएगा। यह सुविधा प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत राज्य नोडल एजेंसी के माध्यम से लागू की जाएगी।
