Chhattisgarh Morning News: भिलाई में सीएम साय के कार्यक्रम, तोमर बंधुओं पर कोर्ट की सख्ती, NHM कर्मचारियों का आंदोलन शुरू… पढ़ें आज की बड़ी खबरें
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दुर्ग जिले के भिलाई दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे भिलाई में नए भाजपा कार्यालय का लोकार्पण करेंगे। साथ ही सुपेला में आयोजित भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। सीएम का यह दौरा राजनीतिक और विकास कार्यों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सूदखोर तोमर बंधुओं के पास आज पेश होने का आखिरी मौका
रायपुर में बहुचर्चित सूदखोर तोमर बंधुओं के खिलाफ कोर्ट ने सख्ती दिखाई है। अदालत ने दोनों भाइयों को आज पेश होने का अंतिम अवसर दिया है। वे पिछले दो महीनों से फरार चल रहे हैं। यदि आज भी कोर्ट में पेश नहीं होते हैं तो उनकी संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी। रायपुर पुलिस ने पहले ही उनकी संपत्ति कुर्की के लिए कोर्ट में आवेदन किया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है।
NHM कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन आंदोलन आज से
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारी आज से अनिश्चितकालीन आंदोलन पर उतर गए हैं। उनकी दस सूत्रीय मांगों में संविलियन, स्थायीकरण, पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना, ग्रेड पे निर्धारण, पारदर्शी मूल्यांकन व्यवस्था, 27% लंबित वेतन, भर्ती में आरक्षण, अनुकंपा नियुक्ति, अवकाश की सुविधा, स्थानांतरण नीति और 10 लाख रुपये का कैशलेश स्वास्थ्य बीमा शामिल है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन और व्यापक होगा। इसका सीधा असर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन की होगी।
सुंदरलाल शर्मा ओपन यूनिवर्सिटी में दाखिले की प्रक्रिया शुरू
बिलासपुर स्थित पं. सुंदरलाल शर्मा ओपन यूनिवर्सिटी ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त तय की गई है। यह सुविधा उन विद्यार्थियों और कामकाजी लोगों के लिए खास है जो नियमित कॉलेज नहीं जा सकते।
विश्वविद्यालय ने कहा है कि जिन छात्रों के रिजल्ट अभी घोषित नहीं हुए हैं, वे भी अगली कक्षा में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। पुराने विद्यार्थी अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर और नामांकन संख्या से लॉगिन कर सकते हैं। आवेदन पत्र विश्वविद्यालय कार्यालय से भी प्राप्त किया जा सकता है।
टिकरापारा में श्मशान घाट विकास कार्यों का भूमिपूजन
राजधानी रायपुर के टिकरापारा इलाके में कृष्ण मित्र फाउंडेशन के तत्वावधान में सरजूबांधा श्मशान घाट विकास कार्यों के लिए आज भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित होगा।
छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज
रविवार को प्रदेश में दिनभर धूप-छांव के बाद रात में बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने बताया कि विदर्भ क्षेत्र में बने निम्न दबाव का असर छत्तीसगढ़ में दिखाई देगा। अगले तीन दिनों तक मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना है।
खासकर बस्तर संभाग के बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा और बस्तर जिलों के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
