NDA Vice President Candidate: सीपी राधाकृष्णन होंगे NDA के उपराष्ट्रपति पद प्रत्याशी

एनडीए ने उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बताया कि महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन एनडीए के उम्मीदवार होंगे। नड्डा ने कहा कि भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में यह निर्णय लिया गया और सभी सहयोगी दलों ने इस पर सहमति जताई है।

जेपी नड्डा ने यह भी कहा कि विपक्ष से बातचीत कर सर्वसम्मति से उपराष्ट्रपति का चुनाव कराने की कोशिश होगी। उन्होंने बताया कि भाजपा और एनडीए नेता पहले भी विपक्षी दलों से संवाद कर चुके हैं और आगे भी संपर्क बनाए रखेंगे।

सीपी राधाकृष्णन का जन्म 20 अक्टूबर 1957 को तमिलनाडु के तिरुप्पुर में हुआ। वे भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और फरवरी 2023 से जुलाई 2024 तक झारखंड के राज्यपाल रहे। इसके अलावा उन्होंने तेलंगाना और पुडुचेरी का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाला। 31 जुलाई 2024 से वे महाराष्ट्र के राज्यपाल पद पर कार्यरत हैं।

अपने लंबे राजनीतिक करियर में राधाकृष्णन 1998 और 1999 में कोयम्बटूर से लोकसभा सांसद चुने गए। 2003 से 2006 तक तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने 93 दिन की रथयात्रा निकाली, जिसका उद्देश्य नदियों का आपसी जुड़ाव, आतंकवाद के खिलाफ जागरूकता और अस्पृश्यता उन्मूलन था। संसद में उन्होंने वस्त्र उद्योग पर स्थायी समिति की अध्यक्षता भी की और कई वित्तीय व सार्वजनिक उपक्रमों से जुड़ी समितियों में अहम भूमिका निभाई।

NDA का उम्मीदवार घोषित होने के बाद सीपी राधाकृष्णन ने X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने पत्नी सुमति के साथ मुंबई स्थित श्री सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन कर राज्य की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।

Youthwings