Humayun Tomb: हुमायूं मकबरे का गुंबद ढहा, कई लोग दबे… रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
स्वतंत्रता दिवस की खुशियों के बीच देश की राजधानी दिल्ली से एक बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के ऐतिहासिक हुमायूं मकबरे के गुंबद का एक हिस्सा अचानक ढह गया। इस हादसे में 10 से 12 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए। रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से जारी है और NDRF की टीम भी बचाव कार्य में जुट गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे का कारण लगातार हो रही बारिश बताई जा रही है।
निज़ामुद्दीन इलाके में हुआ हादसा
यह हादसा शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे निज़ामुद्दीन इलाके में स्थित हुमायूं के मकबरे में हुआ। अधिकारियों के अनुसार, गुंबद का एक बड़ा हिस्सा गिरने से आठ से नौ लोगों के फंसे होने की आशंका है। दिल्ली अग्निशमन सेवा ने मौके पर दमकल की पाँच गाड़ियां भेजी हैं, ताकि राहत-बचाव का कार्य बिना किसी देरी के किया जा सके।
16वीं शताब्दी का ऐतिहासिक स्मारक
हुमायूं का मकबरा 16वीं शताब्दी के मध्य का एक भव्य और ऐतिहासिक मकबरा है, जिसे देखने के लिए देश-विदेश से सैलानी आते हैं। यह विश्व धरोहर स्थल (UNESCO World Heritage Site) भी है। लेकिन इस हादसे के बाद इस ऐतिहासिक धरोहर को भारी क्षति पहुंची है। अधिकारियों के मुताबिक, कुछ लोगों की मौत की भी आशंका है, हालांकि पुलिस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
राहत कार्य जारी
मौके पर मौजूद बचाव दल लगातार मलबा हटाने का काम कर रहे हैं और फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। आसपास के इलाके में सुरक्षा घेरा बना दिया गया है और प्रवेश बंद कर दिया गया है। वहीं, स्थानीय प्रशासन ने बारिश के कारण अन्य पुराने ढांचों की भी जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
