Bigg Boss 19 में पूर्व क्रिकेटर संजय बांगर की बेटी की होगी एंट्री! जेंडर ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर रहीं सुर्खियों में
सलमान खान के चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ का प्रसारण इसी महीने 24 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। शो के मेकर्स लगातार नए-नए सेलेब्स को अप्रोच कर रहे हैं। अब चर्चा है कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगर की बेटी अनाया बांगर भी इस सीज़न में नज़र आ सकती हैं।
अनाया बांगर हाल के दिनों में अपने जेंडर ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर सुर्खियों में रही हैं। दरअसल, उन्होंने यूके जाकर हार्मोन ट्रांसप्लांट सर्जरी करवाई और लड़के से लड़की बन गईं। सर्जरी से पहले उनका नाम आर्यन बांगर था और वे क्रिकेट खेला करते थे। उन्होंने क्रिकेटर सरफराज खान और यशस्वी जायसवाल के साथ भी मैच खेले हैं।
महिला क्रिकेट में खेलने की इच्छा, लेकिन बैन की चुनौती
अनाया का सपना है कि वे महिला क्रिकेट टीम में खेलें। हालांकि, साल 2023 में आईसीसी और बीसीसीआई ने महिला टीम में ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों के खेलने पर प्रतिबंध लगा दिया था। इस पर हाल ही में अनाया ने सवाल उठाया था कि जेंडर ट्रांसफॉर्मेशन के बाद उन्हें महिला क्रिकेट में खेलने की अनुमति क्यों नहीं मिल सकती।
शो में एंट्री पर सस्पेंस बरकरार
हालांकि, अब तक न तो मेकर्स और न ही अनाया ने ‘बिग बॉस 19’ में उनकी एंट्री को लेकर ऑफिशियल घोषणा की है। लेकिन, चर्चा है कि वे शो में बतौर कंटेस्टेंट शामिल हो सकती हैं।
अनाया बांगर सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अक्सर अपने फोटो व वीडियो शेयर करती हैं। उनके इंस्टाग्राम पर फिलहाल 4.25 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं।
