Raipur GST Raid News: रायपुर में केंद्रीय जीएसटी विभाग की बड़ी कार्रवाई, मोबाइल फोन व्यापारियों पर छापा

Raipur GST Raid News

Raipur GST Raid News

रायपुर | Raipur GST Raid News: केंद्रीय जीएसटी विभाग ने रायपुर में मोबाइल फोन कारोबार से जुड़ी तीन प्रमुख कंपनियों पर एक बड़ी कार्रवाई की है। आरोप है कि इन कंपनियों ने फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का सहारा लेकर करोड़ों रुपये के जीएसटी की चोरी की है। जांच में खुलासा हुआ है कि मेसर्स श्री मंगलम टेलीकॉम एलएलपी, मेसर्स मंगलम ट्रेडर्स और मेसर्स श्री मंगलम कम्युनिकेशन प्राइवेट लिमिटेड, जो मुख्य रूप से एप्पल ब्रांड के मोबाइल फोन का व्यापार करती हैं, फरीदाबाद स्थित मेसर्स बालाजी मोबाइल एडिशन से जुड़े एक नेटवर्क के जरिए फर्जी बिलिंग और आईटीसी घोटाले में शामिल थीं।

फर्जी चालानों से ली गई करोड़ों की ITC
जांच के दौरान पता चला कि इन तीनों कंपनियों ने बालाजी मोबाइल एडिशन के फर्जी चालानों के आधार पर करीब 4 करोड़ रुपये का अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट लिया था। इसमें से 98 लाख रुपये की राशि डीआरसी-03 के माध्यम से पहले ही जमा कराई जा चुकी है। वहीं, शेष बकाया टैक्स, ब्याज और जुर्माना जल्द चुकाने का आश्वासन कंपनियों द्वारा दिया गया है।

कई अहम दस्तावेज और साक्ष्य जब्त
यह कार्रवाई सेंट्रल जीएसटी के प्रिंसिपल कमिश्नर पराग बोलकर, जॉइंट कमिश्नर बीएन संदीप और असिस्टेंट कमिश्नर मिर्जा शाहिद बेग के नेतृत्व में की गई। करीब 10 अधिकारियों की टीम ने छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य जब्त किए हैं। फिलहाल, इस मामले की जांच जारी है।

Youthwings